पटना के दानापुर में चोरों ने सिग्नल केबल ही काट लिया, श्रमजीवी-हमसफर समेत कई ट्रेनों के पहिए थमे
आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट उदय सिंह पवार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। दानापुर रेलवे स्टेशन के खगौल गुमटी के समीप सिग्नल केबल काटने की वजह से करीब 12 ट्रेनें प्रभावित रहीं। ये ट्रेन विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं।

पटना से सटे दानापुर रेलवे स्टेशन के खगौल गुमटी के समीप मंगलवार तड़के चोरों ने रिले इंटरलाकिंग (आरआरआई) रूम का ताला तोड़कर सिग्नल केबल ही काट दिया। इसके कारण अप एवं डाउन रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन लगभग दो घंटे तक बाधित रहा। कई ट्रेनें जहां-तहां खड़ी रहीं। कई ट्रेनें घंटों विलंब से पटना पहुंची। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चोरों के द्वारा केबल क्षतिग्रस्त करते ही सिग्नल बाधित हो गया। इससे अफरातफरी मच गई। रेलकर्मी आरआरआई रूम की तरफ दौड़े। उन्हें देखते ही चोर केबल (तांबे की स्ट्रीप)लेकर भाग गए। इस तांबे की स्ट्रीप की कीमत 1700 रुपये है।
सूचना मिलते ही दानापुर मंडल स्थित सिग्नल एवं तकनीकी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त केबल को दुरुस्त किया। दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि कई ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। वहीं, आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट उदय सिंह पवार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। दानापुर रेलवे स्टेशन के खगौल गुमटी के समीप सिग्नल केबल काटने की वजह से करीब 12 ट्रेनें प्रभावित रहीं। ये ट्रेन विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
हमसफर-श्रमजीवी जैसी ट्रेनों पर असर
13258 जनसाधारण एक्सप्रेस, जो प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे दानापुर पहुंचती है, लगभग साढ़े चार घंटे की देरी से दोपहर 12:02 बजे पहुंची। 15125 काशी-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस बिहटा स्टेशन पर देर तक खड़ी रही। 63232 डाउन बक्सर-पटना मेमू को पाली हाल्ट पर रोका गया, जबकि 22362 डाउन एक्सप्रेस कुल्हाड़िया स्टेशन पर रुकी रही। 20802 डाउन मगध और 53212 सासाराम-पटना सवारी गाड़ी आरा स्टेशन पर घंटों खड़ी रही।
दानापुर से तिलैया जाने वाली 53232 डाउन सवारी गाड़ी, जिसका निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 8:50 बजे था, वह दोपहर 12 बजे तक स्टेशन से रवाना नहीं हो सकी। 53202 डाउन बक्सर-पटना फास्ट ट्रेन और 53262 डाउन बक्सर-फतुहा सवारी ट्रेन भी घंटों विलंब से पटना पहुंचीं। 63242 गया-पटना मेमू ट्रेन भी देरी से चली। 22354 डाउन बेंगलुरु-पटना हमसफर पटना जंक्शन पर तय समय 10:25 बजे की बजाय दोपहर 1:07 बजे पहुंची। वहीं 12391 अप श्रमजीवी एक्सप्रेस भी विलंब से रवाना हुई।
गरीब रथ से निकला धुआं, 30 मिनट रुकी
इधर खुसरूपुर के हरदासबीघा के पास मंगलवार को ब्रेक वाइंडिंग से 30 मिनट तक 22406 डाउन गरीब रथ एक्सप्रेस रुकी रही। फतुहा रेलवे स्टेशन पार करने के बाद ही ट्रेन में ब्रेक वाइंडिंग हो गया। ट्रेन से धुआं निकलता देख यात्रियों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को नियंत्रित तरीके से रोक दिया। जांच करने पर पाया गया कि कोच के नीचे पहिए में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या के कारण तेजी से धुआं उठ रहा था। रेलवे कर्मचारियों ने तकनीकी खामियों की पहचान के बाद उसे ठीक कर दिया। इस वजह से हरदासबीघा स्टेशन के पास गरीब रथ एक्सप्रेस को करीब 30 मिनट के लिए रोका गया।
गरीब रथ आनंद विहार से चलकर भागलपुर जा रही थी। तभी मंगलवार की सुबह ब्रेक बाइंडिंग हो गया। घटना के दौरान यात्रियों में थोड़ी देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना, लेकिन लोको पायलट की तत्परता से ट्रेन को नियंत्रित तरीके से रोक दिया। यात्रियों के अनुसार, राजेंद्र नगर स्टेशन से ही ट्रेन में समस्या सामने आ रही थी।




साइन इन