use raincoat or umbrella imd said today Storm and Rain in bihar Lightning Strike killed 12 people Bihar Weather: घर से रेनकोट या छाता लेकर निकलें, बिहार में आज भी आंधी-बारिश; ठनका गिरने से 12 लोगों की गई जान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: घर से रेनकोट या छाता लेकर निकलें, बिहार में आज भी आंधी-बारिश; ठनका गिरने से 12 लोगों की गई जान

Bihar Weather: नवादा के हिसुआ में युवती, नरहट में महिला, अकबरपुर और मुफस्सिल में दो बुजुर्ग वज्रपात से असमय काल के गाल में समा गए । वहीं, गया के वजीरगंज में अधेड़, गुरारू में एक किशोर की ठनका की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर की मां और बहन गंभीर रूप से झुलस गईं।

Wed, 13 May 2026 05:35 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, पटना
share
Bihar Weather: घर से रेनकोट या छाता लेकर निकलें, बिहार में आज भी आंधी-बारिश; ठनका गिरने से 12 लोगों की गई जान

Bihar Weather: पटना सहित बिहार के 16 जिलों में मंगलवार दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश हुई। कई जगहों पर ओले गिरे। इस दौरान ठनका गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई। कई लोग झुलस गए हैं। नवादा-जमुई में चार-चार, गया में तीन और बांका में एक की जान गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना समेत ज्यादातर जिलों में बुधवार को आंधी-बारिश के आसार हैं। इससे अधिकतम पारे में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है।

नवादा के हिसुआ में युवती, नरहट में महिला, अकबरपुर और मुफस्सिल में दो बुजुर्ग वज्रपात से असमय काल के गाल में समा गए । वहीं, गया के वजीरगंज में अधेड़, गुरारू में एक किशोर की ठनका की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर की मां और बहन गंभीर रूप से झुलस गईं। बाराचट्टी में युवक की जान चली गई। इधर, पटना जिले में एक-दो जगहों पर आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। इस कारण अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट आई। पटना का अधिकतम पारा 34.7 और न्यूनतम 27.5 डिग्री दर्ज किया गया।

आज कैसा रहेगा मौसम

बिहार के ज्यादातर जिलों में बुधवार को आंधी-बारिश के आसार हैं। दक्षिण बिहार के मुकाबले उत्तर बिहार में इसका प्रभाव अधिक रहेगा। जिस कारण अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है। उत्तर बिहार के जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट है।

दक्षिण बिहार के जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज, चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पटना जिले के एक-दो जगहों पर मंगलवार दोपहर बाद आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। धनरुआ में दोपहर बाद तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई और ओला भी गिरे। शेष भागों में सूरज के तल्ख तेवर रहने के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ।

भागलपुर में कैसा रहा मौसम

भागलपुर जिले में आसमान में मंगलवार की सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए हुए थे, जिससे धूप-छांव के बीच गर्मी के तेवर तल्ख हुए थे। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे से आसमान में पूरी तरह से बादल छाए तो गर्मी संग उमस भी बढ़ गई। लेकिन शाम करीब सवा पांच बजे 25 से 30 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में झमाझम तो कहीं हल्की बारिश होने लगी।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे तक 1.2 मिमी बारिश हो चुकी थी। इस बारिश के कारण लोगों को गर्मी व उमस से बहुत हद तक राहत मिल गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.2 व न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार से 17 मई के बीच जिले में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

पूर्णिया में कैसा मौसम

पूर्णिया जिले में मंगलवार को ओरेंज अलर्ट के बीच धूप निकलने से किसानों की चेहरे पर मुस्कान आ गई। मंगलवार देर शाम करीब सात बजे के आसपास जिला में हल्की हवा के झोंके, मेघ गर्जन के बीच बारिश हुई। बाजार में काम से आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं दोपहर में तपतपाती धूप खिलने के कारण किसानों को मक्का सुखाने में काफी सहूलियत हुई। किसान जोर शोर से मक्का कटाई, तैयारी एवं सुखाने में पूरी तरह से जुट गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 13 मई को ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 14 से 16 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 17 मई से मौसम साफ रहने की संभावना बनी हुई है। खासकर ओरेंज अर्लट में तेज हवा बहने, ओलावृष्टि, मेघागर्जन एवं वज्रपात की काफी संभावना बनी हुई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।