Thieves stole goats in Scorpio in Siwan Bihar see Video Video: बिहार में चोरों का फिल्मी अंदाज, स्पेशल लाइट लगी स्कॉर्पियो से 6 बकरियां उठा ले गए, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Video: बिहार में चोरों का फिल्मी अंदाज, स्पेशल लाइट लगी स्कॉर्पियो से 6 बकरियां उठा ले गए

सीवान के बलऊं गांव में अज्ञात चोरों ने स्कॉर्पियो वाहन से बकरी चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना को लेकर गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Fri, 22 May 2026 12:45 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
Video: बिहार में चोरों का फिल्मी अंदाज, स्पेशल लाइट लगी स्कॉर्पियो से 6 बकरियां उठा ले गए

बिहार के सीवान से चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है जो सनसनी का विषय बनी है। वारदात छोटी है पर चोरी का अंदाज फिल्मों वाला है। महाराजगंज थाना क्षेत्र के बलऊं गांव में अज्ञात चोरों ने स्कॉर्पियो वाहन से बकरी चोरी की घटना को अंजाम दिया। गाड़ी पर पुलिस या अन्य पदाधिकारी की लाइट भी लगी थी। घटना को लेकर गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पूरी घटना एक मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, चोर पूरे गांव से कुल 6 बकरियां और एक बोका चोरी कर ले गए। पीड़ितों में दिसंबर प्रसाद की दो बकरियां, माहातम प्रसाद की दो बकरियां तथा ईदरीश मियां की दो बकरियां शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि देर रात एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गांव के आसपास देखी गई थी, जिसके बाद सुबह चोरी की जानकारी मिली। घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी गई बकरियों की बरामदगी की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं, लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:डॉक्टर ने फोड़ा इंजीनियर का सिर, तीसरे दिन रणक्षेत्र बना पटना IGIMS

गांव के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की देर रात एक स्कॉर्पियो गांव में दाखिल हुई। कार पर वीआईपी गाड़ियों पर लगने वाली बत्ती जल रही थी। इसे देखकर ग्रामीण भ्रमित हो गए कि कोई अधिकारी होंगे। लोगों को पुलिस के आने का अंदेशा हुआ। इसी वजह से किसी ने गाड़ी में सवार लोगों को रोकने-टोकने से परहेज किया। गांव की सड़क से आगे बढ़ती हुई गाड़ी एक सुनसान इलाके में जाकर एक घर के पास रुक गई। सभी लोग सो चुके थे। इसी दौरान वाहन में सवार चोर बाहर निकले और बेहद शातिर तरीके से घर के बाहर बरामदे और झोपड़ियों में बंधी बकरियों को खोलकर गाड़ी में लादने लगे। चोरी की वारदात को अंजाम देकर चोर कुछ ही मिनटों में मौके से फरार हो गए। लेकिन, उनकी पूरी करतूत वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में ताबड़तोड़ एनकाउंटर; कुख्यात रावण मुठभेड़ में जख्मी, 5 दिन में 6 लंगड़ा

गांव के लोगों ने स्थानीय पुलिस से इसकी शिकायत की है। पुलिस सीसीटीवी वीडियो के आधार पर शातिर चोरों की तलाश में जुट गई है। वीडियो में गाड़ी का नंबर भी दिख रहा है लेकिन, वह नंबर प्लेट फर्जी है। ग्रामीण ने बताया कि स्कॉर्पियो पर लगा नंबर एक ट्रैक्टर का है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।

(सीवान से नीरज पाठक की रिपोर्ट)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।