NDA सांसद वीणा देवी के पास दो वोटर आईडी, तेजस्वी यादव का दावा; SIR पर सवाल
तेजस्वी यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर दावा किया है कि वैशाली से एनडीए की सांसद वीणा देवी के पास दो वोटर आईडी और ईपिक नंबर है। तेजस्वी ने दावा किया है कि वोटर लिस्ट में दोनों ही जगहों पर सांसद की उम्र में भी अंतर है।

बिहार में SIR पर रार बरकरार है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मतदाता पुनरीक्षण पर लगातार सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि कई लोगों के पास दो ईपिक नंबर हैं। तेजस्वी यादव ने हाल ही में दावा किया था कि बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के पास दो ईपिक नंबर हैं और दोनों में उनकी उम्र भी अलग-अलग बताई गई है। अब राष्ट्रीय जनता दल के नेता ने NDA की एक सांसद को लेकर भी यही दावा किया है। तेजस्वी यादव ने इससे संबंधित कागजात भी दिखाए हैं। तेजस्वी यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर दावा किया है कि वैशाली से एनडीए की सांसद वीणा देवी के पास दो वोटर आईडी और ईपिक नंबर है। तेजस्वी ने दावा किया है कि वोटर लिस्ट में दोनों ही जगहों पर सांसद की उम्र में भी अंतर है।
तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि सांसद वीणा देवी के बाद दो अलग-अलग ईपिक आईडी- 𝐔𝐓𝐎𝟏𝟏𝟑𝟒𝟓𝟒𝟑 और 𝐆𝐒𝐁𝟏𝟎𝟑𝟕𝟖𝟗𝟒 है। तेजस्वी यादव का कहना है कि इनके दो अलग-अलग जिलों के दो अलग-अलग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में दो अलग-अलग वोट है। तेजस्वी यादव का यह भी कहना है कि इनके दो अलग अलग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में दो अलग-अलग वोट है। आपको बता दें कि वीणा देवी चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (आर) की सांसद हैं।
तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया है कि बिहार में SIR में सांसद ने दो अलग-अलग फॉर्म भरे होंगे। तेजस्वी यादव ने जो कागजात दिखाए हैं उसमें एक जगह मतदाता सूची में सांसद वीणा देवी की उम्र 54 साल तो दूसरी जगह पर 55 साल है। तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया है, ‘चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित नई ड्राफ्ट सूची में दो अलग अलग 𝐄𝐏𝐈𝐂 𝐂𝐚𝐫𝐝 के साथ, दो अलग-अलग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, दो अलग-अलग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र,,दो अलग-अलग उम्र के साथ इनके दो अलग अलग वोट कैसे बन गए?’
आपको बता दें कि इससे पहले बुधवार को तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर की मेयर और बीजेपी नेता निर्मला देवी को लेकर दावा किया था कि उनके पास भी दो ईपिक नंबर है और मतदाता सूची में वो दो जगह की वोटर हैं। इतना ही नहीं तेजस्वी यादव ने यह भी कहा था कि निर्मला देवी के दो देवरों के भी दो अलग-अलग ईपिक नंबर हैं। तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा था कि चुनाव आयोग बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहा है। तेजस्वी यादव ने दावा किया था कि अब गुजराती भी बिहार के वोटर बन रहे हैं।
बीजेपी नेता भीखूभाई दलसानिया का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा था कि वो गुजरात के रहने वाले हैं और अब वो पटना के वोटर बन गए हैं। भीखूभाई दसलानिया ने अपना नाम वहां के वोटर लिस्ट से कटवा लिया है लेकिन चुनाव हुए पांच साल भी नहीं हुए और उन्होंने अपना नाम कटवा लिया।




साइन इन