Tejashwi Yadav clarifies on his INDIA alliance claim says my statement distorted मेरी बात का बतंगड़ बनाया गया; INDIA अलायंस खत्म होने के दावे पर तेजस्वी यादव की सफाई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मेरी बात का बतंगड़ बनाया गया; INDIA अलायंस खत्म होने के दावे पर तेजस्वी यादव की सफाई

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपने 'इंडिया गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव में ही था' वाले बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात का बतंगड़ बनाया गया है।

Fri, 10 Jan 2025 05:45 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
मेरी बात का बतंगड़ बनाया गया; INDIA अलायंस खत्म होने के दावे पर तेजस्वी यादव की सफाई

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने INDIA गठबंधन खत्म होने के दावे पर सफाई दी है। तेजस्वी ने कहा कि उनकी बात का लोगों ने बतंगड़ बनाया है। इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि उनसे दिल्ली के संदर्भ में उनसे सवाल पूछा गया था, दिल्ली चुनाव में इंडिया गठबंधन नहीं दिख रहा है। इस पर उन्होंने पंजाब, पश्चिम बंगाल और केरल का उदाहरण देते हुए कहा कि विधानसभा चुनावों में पार्टियां अलग-अलग लड़ी हैं।

तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर बनाया गया है। बिहार में शुरू से महागठबंधन एकजुट है और इंडिया अलायंस बना हुआ है। पंजाब में आम आदमी पार्टी अलग चुनाव लड़ी। पश्चिम बंगाल में टीएमसी अलग लड़ी और केरल में लेफ्ट अलग चुनाव लड़ी थी। यानी कि नेशनल लेवल पर ही है।

बता दें कि दो दिन पहले तेजस्वी यादव के INDIA अलायंस को लेकर दिए गए एक बयान से सियासी घमासान छिड़ गया था। उन्होंने बुधवार को मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि इंडिया गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए बनाया गया था। इसका मकसद नरेंद्र मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करना था। उनके इस बयान के अलग-अलग मायने निकाले जाने लगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जो हमें हल्के में लेगा उसे... तेजस्वी के बयान पर कांग्रेस ने दिखाए तेवर

एनडीए के नेताओं ने जहां तेजस्वी के दावे के आधार पर विपक्षी एकजुटता पर सवाल उठाना शुरू कर दिया। वहीं, विपक्षी गठबंधन के अंदर भी हलचल मच गई। बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद ने इशारों ही इशारों में तेजस्वी यादव को आंख दिखा दी। उन्होंने कहा कि हमें (कांग्रेस को) हल्के में नहीं लेना चाहिए। कोई हमें हल्के में लेता है तो हम उसे और भी ज्यादा हल्के में लेते हैं।

हालांकि, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने तेजस्वी यादव का बचाव किया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि तेजस्वी ने दिल्ली में विधानसभा चुनावों के बारे में बात की, जहां हमने लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था, लेकिन अब अलग-अलग लड़ रहे हैं। यह कोई असामान्य बात नहीं है। यहां तक ​​कि लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस और आप ने पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़ा था, तो भी राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया अलायंस था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।