तेज प्रताप यादव की पार्टी के नेता पर पुलिस बहाली में दलाली का आरोप, JJD ने पद से हटाया
जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष कुमार रेणु को पद से हटा दिया है। संतोष के खिलाफ बिहार पुलिस में बहाली के नाम पर दलाली खाने के लिए वसूली की शिकायत मिली थी।

बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष कुमार रेणु को पद से निष्कासित कर दिया है। तेज प्रताप ने कहा कि संतोष के खिलाफ बिहार पुलिस में बहाली के नाम पर दलाली लेने की शिकायत मिली थी। बीएमपी के हवलदार बिश्वेश्वर राय से पुलिस अधिकारी से काम कराने के नाम पर संतोष ने 1.45 लाख रुपये की वसूली की थी। संतोष रेणु को तेज प्रताप की यदुवंशी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से भी हटा दिया गया है।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। तेज प्रताप ने कहा कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष कुमार रेणु ने बिश्वेश्वर राय से बिहार पुलिस में बहाली के नाम पर 1 लाख 45 हजार रुपये लिए थे। यह बहुत ही घिनौना अपराध है, जो क्षमा योग्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि संतोष रेणु ने अन्य लोगों से भी काम करवाने के नाम पर झूठ बोलकर वसूली की है। ऐसी कई शिकायतें सामने आई हैं। इसलिए पार्टी की केंद्रीय अनुशासन समिति ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी के सभी पदों से निष्कासित कर दिया है।
तेज प्रताप ने यह भी कहा कि संतोष कुमार रेणु यादव समाज से आते हैं। वह यादव समाज के लोगों के साथ भी झूठ बोलकर काम करवाने के नाम पर पैसा लेते हैं। इसके लिए उन्हें यादव समाज के लोग कभी माफ नहीं करेंगे।




साइन इन