ना बंगाल छोड़ेंगे, ना ही उत्तर प्रदेश; तेज प्रताप यादव ने बताया JJD का दिल्ली वाला प्लान
बिहार चुनाव में करारी हार झेलने के बाद जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अब देश भर में अपनी पार्टी का विस्तार करने में जुटे हुए हैं। उनकी नजर बंगाल, यूपी और दिल्ली पर है।

बिहार के पूर्व मंत्री एवं जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी का देश भर में विस्तार करने में जुट गए हैं। उनकी नजर इस साल होने वाले पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव पर है। बंगाल चुनाव में जेजेडी अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसके साथ ही तेज प्रताप की पार्टी 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इसके अलगावा उन्होंने दिल्ली में भी चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।
तेज प्रताप यादव ने शनिवार को पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि वह पार्टी के विस्तार में लगे हुए हैं। ऐसे में जेजेडी निश्चित तौर पर आगामी बंगाल और यूपी के विधानसभा चुनावों में अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने दिल्ली में होने वाले नगर निगम चुनाव (MCD Elections) लड़ने की भी घोषणा की।
हालांकि, उन्होंने गठबंधन पर कोई बात नहीं की। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने पार्टी और परिवार से बेदखल किए जाने के बाद जेजेडी नाम से नया दल बनाया था।
हाल में हुए बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जेजेडी ने कुछ सीटों पर एनडीए एवं महागठबंधन के सामने प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन कहीं पर जीत नहीं मिल पाई। तेज प्रताप खुद वैशाली जिले की महुआ सीट से चुनाव हार गए थे। हालांकि, चुनाव नतीजों के बाद उन्होंने बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को नैतिक समर्थन देने का ऐलान किया था।
एक दिन पहले ही दिल्ली की सीबीआई स्पेशल कोर्ट ने लैंड फॉर जॉब मामले में लालू परिवार के सदस्यों के खिलाफ आरोप तय किए। इसमें तेज प्रताप यादव भी शामिल हैं। तेज प्रताप समेत लालू परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ अब ट्रायल चलाया जाएगा। यह कथित घोटाला लालू के रेल मंत्री रहने के दौरान का है, आरोप हैं कि रेलवे में नौकरी देने की एवज में परिवार के सदस्यों के नाम पर जमीनें लिखवाई गई थीं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)




साइन इन