Tej Pratap Yadav angry on former IPS Amitabh Kumar Das files case in Patna police station पूर्व IPS अमिताभ दास पर बिफरे तेज प्रताप यादव, पटना के थाने में कराया केस, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पूर्व IPS अमिताभ दास पर बिफरे तेज प्रताप यादव, पटना के थाने में कराया केस

जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने पूर्व आईपीएस अमिताभ कुमार दास के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में केस दर्ज कराया है। उन्होंने पूर्व आईपीएस पर अपने और अपने परिवार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है।

Thu, 4 Dec 2025 10:54 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
पूर्व IPS अमिताभ दास पर बिफरे तेज प्रताप यादव, पटना के थाने में कराया केस

पत्रकारों को दो मिनट के लिए अपने आवास में बुलाने के लिए चर्चित बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अब पूर्व आईपीएस अमिताभ कुमार दास पर बिफर गए। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप ने अमिताभ दास के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व आईपीएस ने अपने यूट्यूब चैनल पर उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पूर्व IPS अमिताभ कुमार दास ने अपने चैनल के जरिए मेरी छवि को धूमिल करने की कोशिश की। उन्होंने अनाप-शनाप और आधारहीन बातें बोलीं। एक पूर्व IPS के द्वारा मेरे निजी एवं परिवार के आंतरिक मुद्दों को लेकर गलत एवं आपत्तिजनक बातों को बोलना बेहद ही दुःखद और माफ करने योग्य नहीं है।

तेज प्रताप ने अमिताभ दास को उदंड प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया और कहा कि सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस से उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि ये वही पूर्व IPS अमिताभ कुमार दास हैं, जिनका नाम शबनम कांड में आया था। बता दें कि शबनम नाम की एक महिला ने अमिताभ दास पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिस मामले में पूर्व आईपीएस को सुप्रीम कोर्ट से क्लीन चिट मिल गई थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेज प्रताप ने फिर एक पत्रकार को 2 मिनट अंदर चलने को कहा, खुद VIDEO बनाकर डाला

बता दें कि अमिताभ कुमार दास 1994 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान वे कई वजहों से चर्चा में रहे। सरकार ने 2018 में उन्हें अनफिट घोषित कर जबरन रिटायर कर दिया था। इसके बाद से वे विभिन्न सामाजिक संगठनों में सक्रिय रहे हैं और यूट्यूब पर अक्सर राजनीतिक एवं प्रशासनिक मुद्दों पर बोलते हुए नजर आते हैं।

पिछले दिनों न्यूज नामा नाम के यूट्यूब चैनल पर अमिताभ कुमार दास ने एक इंटरव्यू में तेज प्रताप यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि सरकार ने उनका सरकारी आवास छीन लिया है, अब वे बेघर हो गए हैं। लेकिन उनकी दो-दो पत्नियां ऐश्वर्या राय और अनुष्का यादव हैं, वह उनमें से किसी के भी यहां घर जमाई बनकर रह सकते हैं। बताया जा रहा है कि इसी बयान से तेज प्रताप पूर्व आईपीएस से खफा नजर आ रहे हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।