वर्चस्व के लिए अनंत सिंह और सूरजभान सिंह के समर्थक खूब लड़े, पटना के बाढ़ में खूब बवाल
पुलिस के मुताबिक रविवार की शाम साढ़े चार बजे विधायक अनंत सिंह का समर्थक सुमित सिंह थाना में हाजिरी लगाने के बाद अपने पड़ोसी माधव खन्ना के घर पहुंचा और गाली गलौज करने लगा। इस पर खन्ना एवं उनके परिजनों ने हमला कर दिया जिसमें सुमित सिंह को गहरी चोट लगी।

पटना के बाढ़ में मोकामा विधायक अनंत सिंह और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के समर्थकों के बीच वर्चस्व को लेकर रविवार को झड़प हो गई। इसमें विधायक अनंत सिंह का एक समर्थक जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है। घटना पंडारक बाजार के एनएच स्टेशन रोड के पास हुई। दो गुटों में भिड़ंत के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। घटना का कारण कुश्ती के अखाड़े का विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों गुटों में पहले से ही कई मुद्दों को लेकर विवाद चलता जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक रविवार की शाम साढ़े चार बजे विधायक अनंत सिंह का समर्थक सुमित सिंह थाना में हाजिरी लगाने के बाद अपने पड़ोसी माधव खन्ना के घर पहुंचा और गाली गलौज करने लगा। इस पर खन्ना एवं उनके परिजनों ने हमला कर दिया जिसमें सुमित सिंह को गहरी चोट लगी। दोनों गुटों में काफी देर तक झड़प होती रही।
सूचना मिलने पर पंडारक पुलिस घायल सुमित सिंह को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले गई जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। सुमित सिंह का कहना है कि उसपर जान से मारने की नियत से हमला किया गया है। पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि घटना मामूली विवाद को लेकर हुई है। सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पहुंची। पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पंडारक में पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है।
विस चुनाव के समय से ही चल रहा था विवाद
सुमित सिंह और माधव खन्ना के बीच विस चुनाव के समय से ही विवाद चल रहा है। दशहरा में कुश्ती का आयोजन हुआ था इसमें भी दोनों आपस में भिंड गए थे। विधानसभा चुनाव के दौरान वाहनों में तोड़फोड करने के मामले में सुमित सिंह आरोपित है। पुलिस का कहना है कि दोनों एक दूसरे के पड़ोसी भी हैं, विधानसभा चुनाव के समय से ही आपस में लड़ाई कर रहे हैं।
अनंत सिंह ने सूरजभान की पत्नी को हराया था
यहां आपको बता दें कि मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के जेल में बंद विधायक अनंत सिंह ने हाल ही में बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली थी। अनंत सिंह को अदालत से अनुमति मिलने के बाद कड़े सुरक्षा इंतज़ामों के बीच बेउर केंद्रीय कारागार से बिहार विधानसभा लाया गया था। अनंत सिंह पिछले तीन महीने से दुलारचंद यादव हत्याकांड के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में हैं।
दुलारचंद यादव की हत्या मोकामा विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के दौरान जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करते समय कर दी गई थी। अनंत सिंह ने हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट से कद्दावर नेता सूरजभान सिंह की पत्नी राजद प्रत्याशी वीणा देवी को लगभग 28,000 मतों के अंतर से पराजित किया था।




साइन इन