आईजीआईएमएस में MBBS की परीक्षा रद्द, धांधली के बाद कर्मियों और 7 छात्रों को नोटिस; मचा हड़कंप
IGIMS MBBS Exam Cancelled: परीक्षा विभाग के अन्य सभी कर्मचारियों का तत्काल तबादला कर दिया गया है। द्वितीय वर्ष की पूरक परीक्षा दिसंबर 2025 में हुई थी। इसमें करीब 130 छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद अज्ञात स्रोत से भेजी गई ईमेल सामने आने पर जांच के लिए कमेटी गठित की थी।

IGIMS MBBS Exam Cancelled: एमबीबीएस की सेमेस्टर परीक्षा में धांधली के आरोप साबित होने के बाद सोमवार को आईजीआईएमएस (इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान) प्रशासन ने एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की पूरक परीक्षा रद्द कर दी है। साथ ही परीक्षा विभाग के सभी कर्मियों और एमबीबीएस के सात छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ये छात्र अपना पक्ष रखेंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने परीक्षा विभाग में भी बदलाव किया है। विभाग में तीन फैकल्टी डॉक्टर प्रो. अंजू सिंह, डॉ. विनोद कुमार और डॉ. सरिता मिश्रा को सब डीन (परीक्षा) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं, परीक्षा विभाग के अन्य सभी कर्मचारियों का तत्काल तबादला कर दिया गया है। द्वितीय वर्ष की पूरक परीक्षा दिसंबर 2025 में हुई थी। इसमें करीब 130 छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद अज्ञात स्रोत से भेजी गई ईमेल सामने आने पर आईजीआईएमएस प्रशासन ने अप्रैल के पहले सप्ताह में इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की।
डीन (अकादमिक) डॉ. ओम कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई गई, जिसमें डॉ. विभूति सिन्हा, प्रफुल्ल रंजन और रजिस्ट्रार डॉ. सर्वेश शामिल थे। डॉ. विभूति ने बताया कि जांच टीम ने रिपोर्ट आईजीआईएमएस प्रशासन को सौंप दी है। हालांकि रिपोर्ट को अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन उसके आधार पर कर्मियों और छात्रों को नोटिस देने की कार्रवाई की गई है।
परीक्षा में गड़बडी का मामला आया सामने
जांच कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक, परीक्षा कदाचार मुक्त नहीं हुई है। इसमें गड़बड़ी से इनकार नहीं किया जा सकता। उत्तर पुस्तिका, प्रश्न पत्र आदि से छेड़छाड़ की आशंका है। प्रारंभाकि जांच के दौरान ही यह बात सामने आई थी कि उत्तर पुस्तिका में तीन स्थानों पर हस्ताक्षर किए जाते हैं। कुछ छात्रों की कॉपियों में आगे और पीछे के हस्ताक्षर एक समान पाए गए, जबकि बीच वाले पन्ने पर किए गए हस्ताक्षर अलग थे।




साइन इन