सुपौल में 9वीं की छात्रा की गला रेतकर हत्या, प्रेम प्रसंग और देसी शराब बिक्री बेचने की चर्चा
सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड के एक गांव में सोमवार आधी रात को किराना की दुकान चलाने वाली एक 9वीं की छात्रा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। चर्चा है कि वह देसी शराब बेचती थी, पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच में जुटी हुई है।

बिहार के सुपौल जिले में एक 9वीं की छात्रा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना छातापुर प्रखंड क्षेत्र के राजेश्वरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चरने पंचायत के वार्ड चार में सोमवार देर रात करीब 12 बजे की है। मृतका का शव उसके घर से करीब 50 मीटर दूर उत्क्रमित मध्य विद्यालय चरने अनुसूचित जाति मध्य विद्यालय की पहली मंजिल पर बरामद हुआ। उसकी पहचान स्व सियाराम सरदार की बेटी बंदना कुमारी (18) के रूप में हुई है। इस जघन्य वारदात के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है। बंदना किराना की दुकान चलाती थी। इलाके में देसी शराब बेचने की भी चर्चा है। पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी छानबीन कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर देर रात ही घटनास्थल पहुंचे। मंगलवार अलसुबह पहले त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार, फिर सुपौल एसपी सरथ आरएस भी मौके पर पहुंचे। एसपी के निर्देश पर एफएसएल टीम भी मौके पर बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं, जबकि लोकेशन के आधार पर मृतका का मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया। बहरहाल, पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जाचं में जुट गई है।
रात में भतीजे के साथ सोई थी, स्कूल में मृत मिली
दूसरी ओर, बंदना की भाभी अमेरिका देवी ने बताया कि मृतका की शादीशुदा बड़ी बहन शोभा देवी की असामयिक मौत करीब एक साल पहले हुई थी। शोभा की बरसी में शामिल होने उसकी मां द्रौपदी देवी अपने नाती के साथ मानगंज गई थी। इस बीच सोमवार रात को बंदना घर के बरामदे पर स्थित दुकान में अपने भतीजे के साथ सोई थी। आंगन में बने कमरे में अन्य परिजन सो रहे थे।
देर रात करीब 12 बजे बच्चे के रोने की आवाज सुनकर अमेरिका देवी कमरे में पहुंची तो वहां बंदना नहीं थी। फोन करने पर बंदना ने बाथरूम में होने की बात बताई, जबकि कुछ ही देर बाद उसके चीखने की आवाज आई।
आनन-फानन में उसने अपनी गोतनी एवं पड़ोसियों को जगाया और आवाज आने की घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित स्कूल तक पहुंचे। काफी खोजबीन करने पर स्कूल मिडिल स्कूल की पहली मंजिल पर बरामदे पर बंदना पड़ी मिली और उसकी गर्दन से खून बहकर जमीन पर जम चुका था। बंदना की मौत हो चुकी थी।
प्रेम-प्रसंग और देसी शराब की बिक्री की चर्चा
छातापुर प्रखंड के राजेश्वरी थाना अंतर्गत चरने पंचायत के वार्ड चार में हुई युवती की हत्या मामले में पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत सभी बिंदुओं पर तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से मृतका बंदना कुमारी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। अब उसके कॉल डिटेल्स निकालकर अपनी भाभी अमेरिका देवी से हुई बातचीत के पहले बंदना ने किस-किस से फोन पर बात की थी, इसकी भी जांच होगी।
गौरतलब है कि चरने में अलसुबह से ही स्थानीय लोगों के बीच इस हत्याकांड को लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही थी। कई ग्रामीण बंदना के गांव के ही किसी युवक से प्रेम-प्रसंग होने की बात कर रहे थे तो कई उसकी दुकान से हो रही देसी शराब की बिक्री मामले की भी चर्चा कर रहे थे।
सात साल पहले पिता की हुई थी मौत
इधर, ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के पिता का करीब सात वर्ष पूर्व निधन हो गया था। जबकि उसके दो भाई हैं और दोनों परिवार का भरण-पोषण करने के लिए करीब एक महीने पहले ही परदेस गए हैं। घर में बंदना अपनी मां और दोनों भाभी के साथ रहती थी। घर पर ही वह किराना की छोटी दुकान चलाकर परिजनों के भरण-पोषण में मदद करती थी।
वहीं बेटी की मौत की खबर सुनकर उसकी मां द्रौपदी देवी बार-बार बदहवाश हो जा रही थी। इधर, घटना को लेकर राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बहरहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
(सुपौल के भीमपुर से आलोक कुमार की रिपोर्ट)




साइन इन