stone pelting on police in sasaram district after muzaffarpur बिहार में शहर-शहर खाकी पर कहर, मुजफ्फरपुर और सासाराम में पुलिस पर बरसे पत्थर, 3 जवान जख्मी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में शहर-शहर खाकी पर कहर, मुजफ्फरपुर और सासाराम में पुलिस पर बरसे पत्थर, 3 जवान जख्मी

  • सासाराम जिले में इस पत्थरबाजी में दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं। जानकारी मिल रही है कि एक महिला भी यहां जख्मी हुई हैं। सासाराम के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में एक वांरटी को पकड़ने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने यह पत्थरबाजी की है।

Wed, 9 April 2025 09:37 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, सासाराम
share
बिहार में शहर-शहर खाकी पर कहर, मुजफ्फरपुर और सासाराम में पुलिस पर बरसे पत्थर, 3 जवान जख्मी

बिहार में पुलिस पर हमले नहीं थम रहे हैं। राज्य में शहर-शहर खाकी पर कहर बरप रहा है। मुजफ्फरपुर के बाद अब सासाराम जिले में भी पुलिस पर पत्थरबाजी की गई है। दोनों जिलों में हुई इस पत्थरबाजी में अब तक तीन पुलिसवाले जख्मी हुए हैं। सासाराम जिले में इस पत्थरबाजी में दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं। जानकारी मिल रही है कि एक महिला भी यहां जख्मी हुई हैं। सासाराम के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में एक वांरटी को पकड़ने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने यह पत्थरबाजी की है। पत्थरबाजी में घायल दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।

इस मामले में पुलिस पुलिस ने 20 नामजद सहित कुछ अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। सासाराम मुफस्सिल थाना इंस्पेक्टर रौशन कुमार ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस पर पत्थरबाजी की यह घटना मंगलवार की देर रात की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस अभी इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

मुजफ्फरपुर में पुलिस पर अटैक

इससे पहले खबर आई थी कि मंगलवार की देर रात ही मुजफ्फरपुर के बोचहां में भी पुलिस टीम पर हमला हुआ है। दरअसल यहां पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में झगड़ा हो रहा है। पुलिस इस विवाद को सुलझाने गई थी लेकिन अचानक पुलिस पर हमला कर दिया गया। इस हमले में सैप के एक जवान जख्मी हो गए। जख्मी जवान ने बताया कि महिलाओं ने घर की छत से ईंट और पत्थर फेंके थे। इसमें उनका सिर फट गया है। पत्थरबाजी की वजह से पुलिसवालों को वहां से किसी तरह बच कर भागना पड़ा। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को अरेस्ट भी किया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:छत से महिलाएं बरसाने लगीं पत्थर, सैप जवान घायल; बिहार में पुलिस पर अटैक

बिहार पुलिस पर हमले की घटनाएं बढ़ीं

आपको बता दें कि हाल के दिनों में बिहार के अलग-अलग जिलों में पुलिसवालों पर हमले की खबर सामने आई थी। 12 मार्च को अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र में फरार वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम से धक्का-मुक्की की गई थी। इसमें जमीन पर गिरने की वजह से एएसआई राजीव रंजन मल्ल की मौत हो गई थी।

14 मार्च को मुंगेर जिले में शराब पीकर हंगामा कर रहे एक शख्स को समझाने गई डायल 112 की टीम पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। इस में एएसआई संतोष कुमार सिंह गंभीर रुप से जख्मी हो गए थे। बाद में उनकी मौत हो गई थी।

15 मार्च को भागलपुर जिले में विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर पथराव किया गया था। इस पथराव में एक एएसआई, तीन सिपाही और एक चौकीदार जख्मी हो गए थे। इसके अलावा खगड़िया समेत कुछ अन्य जिलों में भी पुलिस पर हमले की घटनाएं हाल के दिनों में हुई हैं। 

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।