Star Air announces daily flights from Purnea Airport to two cities from 15th October पूर्णिया एयरपोर्ट से दो शहरों के लिए 15 अक्टूबर से डेली फ्लाइट, स्टार एयर का ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पूर्णिया एयरपोर्ट से दो शहरों के लिए 15 अक्टूबर से डेली फ्लाइट, स्टार एयर का ऐलान

पूर्णिया से अब दो शहरों के लिए रोजाना फ्लाइट मिलेगी। स्टार एयर ने मंगलवार को यह घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 15 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था।

Tue, 30 Sep 2025 02:10 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share
पूर्णिया एयरपोर्ट से दो शहरों के लिए 15 अक्टूबर से डेली फ्लाइट, स्टार एयर का ऐलान

बिहार के पूर्णिया एयरपोर्ट से अब दो शहरों के लिए डेली फ्लाइट मिलेगी। विमानन कंपनी स्टार एयर पूर्णिया से अहमदाबाद और कोलकाता के लिए अब रोजाना उड़ान संचालित करेगा। एयरलाइन्स ने मंगलवार को यह घोषणा की। पूर्णिया से अहमदाबाद और कोलकाता के बीच अभी सप्ताह में 4 दिन विमान सेवा संचालित की जा रही है, जिसे बढ़ाकर सप्ताह के सातों दिन किया जाएगा। 15 अक्टूबर से दोनों शहरों के बीच डेली फ्लाइट शुरू हो जाएगी।

स्टार एयर की मुख्य वाणिज्य और मार्केटिंग अफसर शिल्पा भाटिया ने कहा“हमें यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि स्टार एयर पूर्णिया और अहमदाबाद, कोलकाता के बीच अपनी उड़ानों को दैनिक रूप देने जा रही है। यह परिवर्तन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, भारतीय वायुसेना और पूर्णिया के सभी दलों के राजनीतिक नेतृत्व के उत्कृष्ट सहयोग से ही संभव हो पाया है। हम इन सभी संस्थाओं और गणमान्य व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने मिलकर पूर्णिया की हवाई कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने में अपना योगदान दिया।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पूर्णिया एयरपोर्ट से दिल्ली और हैदराबाद के लिए विमान सेवा कब से, निदेशक ने बताया

उन्होंने कहा कि स्टार एयर में हमारा यह लक्ष्य रहा है कि उपेक्षित एवं हाशिए पर रह गए क्षेत्रों को बेहतर हवाई सेवाएं प्रदान कर भारत के नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती यात्रा के अवसर मिले। स्टार एयर की पूर्णिया-अहमदाबाद-कोलकाता मार्ग की सभी उड़ानें अब 88 सीट वाले Embraer-175 विमान से संचालित होंगी, जो यात्रियों को उच्चतम स्तर की सेवा प्रदान करेंगी।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर को ही पूर्णिया हवाई अड्डा का उद्घाटन किया था। यहां अभी इंडिगो और स्टार एयर की फ्लाइट चलाई जा रही है। अहमदाबाद और कोलकाता के अलावा दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों के लिए भी विमान सेवा जल्द शुरू होने की संभावना है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।