कटिहार रेलवे स्टेशन पर बनी भगदड़ जैसी स्थिति, ट्रेन का प्लेटफॉर्म अचानक बदलने से अफरातफरी
कटिहार जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जब एक ट्रेन का प्लेटफॉर्म अचानक बदल दिया गया। स्टेशन पर यात्रियों में अफरातफरी मच गई। होली पर बड़ा हादसा हो सकता था।

Katihar News: बिहार के कटिहार जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो नंबर प्लेटफार्म पर आने वाली जोगबनी–कटिहार पैसेंजर की अचानक प्लेटफार्म संख्या एक पर आने की घोषणा कर दी गई। घोषणा सुनते ही अररिया, जोगबनी, पूर्णिया, दलन, फारबिसगंज, अररिया कोर्ट, जलालगढ़ एवं आसपास के इलाकों की ओर जाने वाले यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
कई यात्री रेल पटरी पार कर प्लेटफार्म संख्या एक की ओर दौड़ पड़े। किसी की गोद में बच्चा था तो कोई सिर पर सामान उठाए हुए था। इस दौरान कुछ यात्री पटरी पर फिसलकर गिर भी पड़े, हालांकि गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
ट्रेन दक्षिणी छोर की ओर बढ़ी, फिर मची भगदड़
प्लेटफार्म संख्या एक पर ट्रेन के पहुंचते ही यात्री राहत की सांस भी नहीं ले पाए थे कि गाड़ी दक्षिणी छोर की ओर बढ़ने लगी। यात्रियों को समझ में आता, इससे पहले ही ट्रेन आगे निकल गई। महिलाएं बच्चों को लेकर दौड़ने लगीं, तो कई युवक बैग कंधे पर लटकाए ट्रेन के पीछे भागते नजर आए।
दौड़-भाग करते रहे यात्री
करीब पांच मिनट तक प्लेटफॉर्म पर दौड़-भाग के बाद यात्री किसी तरह कोच में चढ़ सके। भीड़ इतनी अधिक थी कि चढ़ने के दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। जब तक अधिकांश यात्री अंदर पहुंचे, तब तक सभी सीटें भर चुकी थीं और लोगों को खड़े होकर सफर शुरू करना पड़ा।
ट्रेन लगभग दस मिनट तक दक्षिणी छोर पर खड़ी रही, फिर उत्तरी छोर की ओर बढ़ी और दो-तीन मिनट रुकने के बाद जोगबनी के लिए रवाना हो गई।
ऐप पर प्लेटफार्म दो, घोषणा प्लेटफार्म एक की
गुलाब यादव, मोहन कुमार, सोहन कुमार और दिनेश पासवान सहित अन्य यात्रियों ने बताया कि 'वेयर इज माय ट्रेन' ऐप पर कटिहार-जोगबनी पैसेंजर के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर आने की सूचना दिखाई जा रही थी। अधिकांश यात्री उसी आधार पर प्लेटफार्म दो पर इंतजार कर रहे थे। पूछताछ केंद्र पर भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
फिर अचानक ट्रेन प्लेटफॉर्म एक पर आने की घोषणा हुई तो स्थिति बेकाबू हो गई। यात्रियों का कहना है कि यदि ट्रेन को दक्षिणी छोर पर ही रोकना था तो पूर्व सूचना देनी चाहिए थी, ताकि लोग जान जोखिम में डालकर न दौड़ते।
प्रतिदिन बनती है ऐसी स्थिति
स्टेशन पर कार्यरत कुछ कर्मियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जोगबनी-कटिहार डीएमयू के आगमन और प्रस्थान के समय अक्सर ऐसी स्थिति बनती है। भीड़ अधिक होने और अंतिम समय में प्लेटफार्म परिवर्तन से अफरा-तफरी मच जाती है।
जांच के आदेश
कटिहार रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह ने कहा कि मामला चिंताजनक है। वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक को सूचना दी जाएगी और पूरी जांच कराई जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मी की लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, बड़ा हादसा टल गया, लेकिन जिस तरह यात्री पटरी पार कर और ट्रेन के पीछे दौड़कर चढ़ने को मजबूर हुए, उससे साफ है कि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
(रिपोर्ट- चंदन कुमार कर्ण)




साइन इन