भोजपुर में सोन नदी में डूबे 6 दोस्त, 3 की मौत; एक दूसरे को बचाने में खुद खुद की जिंदगी गंवाई
सोन नदी में छह दोस्त नहाने गए थे। एक डूबने लगा तो सभी उसके साथ लग गए। हालात नहीं संभला तो तीन बाहर निकल गए। बाकी तीन की डूबकर मौत हो गई।

भोजपुर के सहार प्रखंड के चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव स्थित सोन नदी में रविवार की सुबह नहाने गए छह दोस्त डूब गये। इनमें स्नातक छात्र सहित तीन की मौत हो गई। हालांकि स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तीन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों में अंधारी गांव निवासी चिंटू राय के 14 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार, रंजीत राय के 19 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार और शिवभंटू राय के 17 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार शामिल हैं। उसी गांव के स्व. रामनिधि राय के 18 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार, जलेंद्र शर्मा के पुत्र पंकज कुमार और सतीश शर्मा के 14 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार को सुरक्षित बचा लिया गया।
नीतीश कुमार स्नातक, निखिल कुमार मैट्रिक और हर्षित कुमार आठवीं का छात्र था। बताया जा रहा है कि सोन पुल पर जाम होने के चलते दो छात्रों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। इस कारण दोनों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इधर, हादसे के बाद लोग आक्रोशित हो उठे और जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोश झेलना पड़ा। सहार-अरवल सोन पुल को भी जाम कर दिया गया। इस कारण आरा-अरवल रोड पर करीब तीन घंटे से अधिक समय तक आवागमन बाधित रहा। डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ और आवागमन बहाल कराया गया।
एक-दूसरे को बचाने में डूब गये तीनों
भोजपुर के सहार प्रखंड के चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव स्थित सोन नदी में रविवार की सुबह नहाने गए छह दोस्त डूब गये। इनमें तीन की मौत हो गई और तीन को स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि छह दोस्त रविवार को सोन में नहाने गये थे। दो किनारे नहा रहे थे, जबकि चार गहरे पानी में चले गये। उस दौरान एक दोस्त डूबने लगा। उसे बचाने में दो अन्य दोस्त भी डूब गए। हादसे की सूचना से गांव में अफरातफरी और खलबली मच गयी। देखते ही बड़ी संख्या में गांव के लोग पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया। गोताखोरों की मदद से सभी को निकाला गया। बच्चों की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद थानाध्यक्ष सुबोध कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अरवल सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। अरवल सदर अस्पताल में तीनों का पोस्टमार्टम कराया गया।




साइन इन