संजय झा बोले- NDA नेतृत्व तय करेगा बिहार का अगला सीएम, ललन ने कहा था- नीतीश ही चुनेंगे
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह एनडीए के शीर्ष नेता मिलकर तय करेंगे। पिछले सप्ताह ललन सिंह ने कहा था कि नीतीश कुमार ही अगला सीएम चुनेंगे।

जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अटकलबाजी चरम पर है। चर्चा है कि नीतीश के बाद बिहार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का सीएम मिल सकता है। हालांकि, अभी तक इस पर कोई औपचारिक निर्णय नहीं लिया गया है।
नीतीश की पार्टी जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से जब शनिवार को यह सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि एनडीए के नेता मिलकर इस पर फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि बिहार का अगला सीएम कौन होगा।
झा के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। दरअसल, कुछ दिनों पहले केंद्रीय मंत्री एवं जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा था कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह खुद नीतीश ही तय करेंगे। ललन का यह बयान 6 मार्च को आया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में जो भी फैसला होगा, वो नीतीश की मर्जी से ही होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश ने पिछले सप्ताह राज्यसभा जाने का फैसला लिया था। 5 मार्च को उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भी कर दिया था। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।
अप्रैल में मौजूदा सांसदों का कार्यकाल खत्म होने के बाद संभव है कि नीतीश राज्यसभा के सदस्य बन जाएंगे। बताया जा रहा है कि इसके बाद नीतीश सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। फिर बिहार में एनडीए की नई सरकार का गठन होगा और राज्य को नया मुख्यमंत्री मिलेगा।
राज्यसभा चुनाव के नामांकन के अगले दिन नीतीश ने अपने पटना स्थित सीएम आवास पर जदयू विधायक दल की बैठक बुलाई थी। इसमें उन्होंने विधायकों से कहा था कि वह भले ही राज्यसभा जा रहे हैं, लेकिन बिहार से हमेशा जुड़े रहेंगे। बिहार में नई सरकार को भी वे निर्देशित करते रहेंगे।
बिहार को मिल सकता है भाजपा का पहला सीएम
नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद संभावना है कि नया मुख्यमंत्री भाजपा से होगा। भाजपा ने अंदरखाने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, मंत्री दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय, पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा समेत कई नामों की अटकलें चल रही हैं।
चर्चा यह भी है कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और दिल्ली की तरह बिहार में भी भाजपा किसी नए चेहरे को सीएम की कुर्सी पर बैठाकर सभी को चौंका सकती है। लगभग दो दशक से सत्ता में रहने वाली भाजपा बिहार में अपना मुख्यमंत्री नहीं बना सकती है। 2005 से लेकर अब तक नीतीश कुमार ही राज्य में एनडीए सरकार के सत्ता के मुखिया रहे हैं।




साइन इन