Sanjay Jaiswal alleges Prashant Kishor taking money from liquor companies Lalu Yadav brought him to cut votes प्रशांत किशोर शराब वालों से पैसा ले रहे, लालू यादव लाए हैं वोट काटने: संजय जायसवाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

प्रशांत किशोर शराब वालों से पैसा ले रहे, लालू यादव लाए हैं वोट काटने: संजय जायसवाल

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने आरोप लगाया कि जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर शराब कंपनियों से पैसा ले रहे हैं और आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव उन्हें विधानसभा चुनाव में वोट काटने के लिए बिहार लेकर आए हैं।

Sat, 13 Sep 2025 02:33 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
प्रशांत किशोर शराब वालों से पैसा ले रहे, लालू यादव लाए हैं वोट काटने: संजय जायसवाल

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद संजय जायसवाल का झगड़ा बढ़ता जा रहा है। अब भाजपा सांसद ने पीके पर शराब कंपनियों से पैसे लेने का आरोप लगाया है। साथ ही जायसवाल ने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पीके को वोट काटने के लिए बिहार भेजा है।

पटना स्थित भाजपा दफ्तर में शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए जायसवाल ने कहा कि प्रशांत किशोर दो नंबर का पैसा ले रहे हैं। वे क्या स्ट्रेटजी बनाएंगे। वे सिर्फ वोट काटने वाले हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि पीके पहले ही दिन से धोखा दे रहे हैं। उन्होंने अपनी जन सुराज पार्टी का गठन भी झूठ के आधार पर किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रशांत किशोर ने जनता से बोला बड़ा झूठ, जन सुराज चीफ पर संजय जाससवाल का पलटवार

जायसवाल ने कहा कि प्रशांत किशोर ने अगस्त 2022 में ही दिल्ली में जन सुराज पार्टी बना ली थी। फिर पीके ने अक्टूबर 2024 में क्यों बिहार में पार्टी लॉन्च की। उन्होंने यह भी दावा किया कि दिल्ली में जन सुराज पार्टी का जो इश्तेहार दिया गया था, उसमें पार्टी का अध्यक्ष शरद कुमार मिश्रा और महासचिव विजय साहू को बताया गया। ये लोग कौन हैं बिहार के लोगों को पता ही नहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:टिकट के लिए कितने रुपये ले रही जन सुराज पार्टी, पीके ने बताई कैंडिडेट फीस

दरअसल, प्रशांत किशोर ने पिछले दिनों संजय जायसवाल पर अपने विधानसभा क्षेत्र पश्चिम चंपारण में पेट्रोल पंप के लिए सड़क का अलाइनमेंट बदलवाने का आरोप लगाया था। इसके बाद भाजपा सांसद ने पीके को कानूनी नोटिस भेजकर सबूत मांगे थे। पीके ने इसका जवाब भी दिया है। हालांकि, जायसवाल ने कहा कि वह उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है। इसके लिए वे आगे कानूनी कदम उठाएंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:15 दिन में सबूत दें वरना केस कर देंगे, प्रशांत किशोर को BJP सांसद का नोटिस

बता दें कि प्रशांत किशोर लगातार एनडीए के नेताओं पर भ्रष्टाचार और गड़बड़ी के आरोप लगा रहे हैं। संजय जायसवाल से पहले वे बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर किशनगंज में मेडिकल कॉलेज की मान्यता दिलाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को पैसा देने का आरोप लगा चुके हैं। नीतीश की पार्टी के मंत्री अशोक चौधरी पर भी पैसे देकर बेटी शांभवी को चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) से चुनाव लड़वाने का आरोप लगा पीके लगा चुके हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।