सम्राट सरकार के ब्रांड बिहार पर काम शुरू; श्रद्धा शर्मा ने मांगे आयडिया और सुझाव, जुड़ने के लिए गूगल फॉर्म भरें
Samrat Choudhary Government Brand Bihar Initiative: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने ‘ब्रांड बिहार’ पर काम शुरू कर दिया है। प्रोजेक्ट से जुड़ीं उद्यमी श्रद्धा शर्मा ने गूगल फॉर्म के जरिए आयडिया और सुझाव मांगे हैं।

Samrat Choudhary Government Brand Bihar Initiative: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर एक दिन पहले लॉन्च हुए ‘ब्रांड बिहार’ पर दूसरे दिन ही काम शुरू हो गया है। बुधवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अगुवाई में ब्रांड बिहार पहल की शुरुआत की घोषणा की गई थी। सरकारी बयान में बताया था कि उद्यमी और योर स्टोरी की संस्थापक श्रद्धा शर्मा इस पहल में चीफ सेक्रेटरी प्रत्यय अमृत का सहयोगी करेंगी। चीफ सेक्रेटरी प्रत्यय अमृत ने श्रद्धा शर्मा के साथ गुरुवार को सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की। श्रद्धा शर्मा ने सम्राट चौधरी से मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए आम लोगों से ब्रांड बिहार के लिए आयडिया, सुझाव और सलाह मांगे हैं। शर्मा ने इसके लिए गूगल फॉर्म का लिंक जारी किया है, जिसके जरिए कोई ब्रांड बिहार की पहल से जुड़ भी सकता है।
‘ब्रांड बिहार’ सम्राट चौधरी सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके जरिए राज्य के सभी मंत्रालय और विभाग तालमेल से ऐसा प्रचार अभियान चलाएंगे, जिससे बिहार की पहचान को मजबूती मिले, बिहार को लेकर सबकी धारणा बेहतर बने और निवेश के लिए बिहार शानदार राज्य के तौर पर पेश हो सके। इसके लिए सरकार नीतीश कुमार से लेकर सम्राट चौधरी तक चल रही एनडीए सरकार के दौरान विकास और बदलाव की कहानियों को तथ्य और उदाहरण के साथ आकर्षक तरीके से देश-दुनिया के सामने रखेगी। मकसद है कि उद्योग से लेकर स्टार्ट-अप सेक्टर में बिहार में निवेश आए। राज्य में इनोवेशन के हब बनें और बिहार के लोगों के लिए काम के अवसर यहीं बनें।
डिजिटल मीडिया कंपनी योर स्टोरी की संस्थापक श्रद्धा शर्मा पटना की हैं, जिनको सरकार ने ब्रांड बिहार प्रोजेक्ट पर सहयोग के लिए चुना है। श्रद्धा शर्मा नेशनल स्टार्ट-अप एडवाइजरी काउंसिल की सदस्य भी हैं और स्टार्ट अप इंडिया से भी जुड़ी रही हैं। श्रद्धा शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इच्छुक लोगों से बिहार की जबर्दस्त ब्रांडिंग के लिए आयडिया, सुझाव, सलाह मांगे हैं। शर्मा ने उनसे भी गूगल फॉर्म भरने कहा है, जो ब्रांड बिहार पहल से जुड़ना चाहते हैं, हिस्सेदार बनना चाहते हैं और किसी भी रूप में योगदान देना चाहते हैं।
श्रद्धा शर्मा ने लिखा है- ‘हर बिहारी गहराई से बिहार के बारे में सोचता है, क्योंकि बिहार महज एक राज्य नहीं है, यह एक भावना है, हमारी पहचान है, हमारा इतिहास और हमारी सामूहिक आकांक्षा है। ब्रांड बिहार के सफर को रचने और मजबूत करने में योगदान देना सचमुच सम्मान और गौरव की बात है।’ शर्मा ने सीएम सम्राट चौधरी और सीएस प्रत्यय अमृत का आभार जताया है कि ब्रांड बिहार पहल से उन्हें जोड़कर बिहार के लिए कुछ करने का मौका दिया गया है। श्रद्धा शर्मा ने ब्रांड बिहार से जुड़ने के लिए गूगल फॉर्म का लिंक दिया है, जो उनके ट्वीट में नीचे है।




साइन इन