बिहार में 17 नए इंडस्ट्रियल पार्क के जमीन अधिग्रहण को मंजूरी, 1.80 लाख करोड़ का निवेश आएगा
बिहार की नीतीश सरकार ने 17 नए इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना के लिए जमीन अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 3500 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। नए इंडस्ट्रियल पार्कों से बिहार में 1.80 लाख करोड़ रुपये का निवेश आएगा।

बिहार में 17 नए औद्योगिक पार्क स्थापित होंगे। राज्य सरकार ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए औद्योगिक विकास के लिए 7700 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी है। इसके लिए 3500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नए इंडस्ट्रियल पार्क से राज्य में लगभग 1.80 लाख करोड़ रुपये का निवेश आएगा। इससे बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक विकास में मदद मिलेगी।
मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने बुधवार को इसको लेकर सभी जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने एक निश्चित समय सीमा के अंदर भूअर्जन की प्रक्रिया पूरी कर लेने का निर्देश दिया। इसके लिए भूस्वामियों को उचित मुआवजा भुगतान का भी निर्देश दिया गया।
मुख्य सचिव ने औद्योगिक विकास प्राधिकारण को कहा कि अर्जित भूमि की चहारदीवारी निर्माण के साथ-साथ सड़क, पानी, सीवरेज, विद्युतीकरण आदि सुविधाएं युद्धस्तर पर विकसित करें, ताकि नई औद्योगिक इकाइयों को सुगमतापूर्वक जमीन उपलब्ध कराई जा सके। ये सारे औद्योगिक पार्क नेशनल हाईवे, एक्सप्रेस हाइवे के किनारे विकसित होंगे। इससे ऐसे क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सकेगी।
423 उद्यमियों ने एमओयू किया है
उन्होंने बताया कि बिहार बिजनेस कनेक्ट के तहत 423 उद्यमियों की ओर से एमओयू किया गया है। इसके तहत 1.80 लाख करोड़ रुपये निवेश होने हैं। विधानसभा चुनाव के बाद फिर से ऐसे बिजनेस कनेक्ट आयोजित होने हैं। लिहाजा, नई औद्योगिक इकाइयों के लिए और जमीन की जरूरत पड़ सकती है। गयाजी में 1700 एकड़ में सूबे का सबसे बड़ा औद्योगिक प्रांगण स्थापित किया जा रहा है। इसी तरह वैशाली में 1100 एकड़ में दूसरा प्रांगण स्थापित हो रहा है।




साइन इन