सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा तोहफा, 86 लाख से ज्यादा लोगों के खाते में भेजा सामाजिक सुरक्षा पेंशन
Social Security Pension: विभाग का कहना है कि वेतन-पेंशन के लिए राज्य सरकार को किसी प्रकार के लोन लेने की जरूरत नहीं है। विभाग के अनुसार वैसे लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन का भुगतान किया गया है, जिन्होंने अपना जीवन प्रमाणीकरण प्रमाणपत्र हासिल कर लिया है।
Social Security Pension: बिहार के 86.74 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों को मार्च महीने की पेंशन का भुगतान कर दिया गया है। वित्त विभाग की मंजूरी के बाद 1100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी से जारी कर दी गई। साथ ही वित्त विभाग ने वित्तीय नियमों के तहत अगले तीन माह की पेंशन के भुगतान के लिए करीब 3900 करोड़ रुपये खर्च की मंजूरी दी। इसमें केंद्र से मिली राशि के अतिरिक्त राज्य की ओर से बढ़ाई गई पेंशन राशि का टॉपअप की राशि भी शामिल है।
वित्त विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि समाज कल्याण विभाग से सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के पेंशन भुगतान के लिए बजट आवंटन का प्रस्ताव वित्त विभाग को दो दिन पहले ही मिला था। इसको वित्त विभाग ने स्वीकृत करते हुए पेंशन भुगतान का आदेश दिया। विभाग का कहना है कि वेतन-पेंशन के लिए राज्य सरकार को किसी प्रकार के लोन लेने की जरूरत नहीं है। विभाग के अनुसार वैसे लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन का भुगतान किया गया है, जिन्होंने अपना जीवन प्रमाणीकरण प्रमाणपत्र हासिल कर लिया है। राज्य में 86.74 लाख लाभुकों का अब तक जीवन प्रमाणीकरण किया गया है।
शेष को जीवन प्रमाणीकरण के बाद भुगतान
विभाग के अनुसार, जिन्हें मार्च, 2026 के पेंशन का भुगतान नहीं मिला है, उन्हें जीवन प्रमाणीकरण के बाद बकाया पेंशन राशि का भुगतान अगले माह की पेंशन राशि के साथ किया जाएगा। इसके लिए राशि की कोई कमी नहीं है। करीब 31 लाख से अधिक लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण किया जाना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के जीवन प्रमाणीकरण का अभियान 22 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हुआ था।
इसके तहत वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन योजना के लाभार्थियों का ई-केवाईसी आधारित जीवन प्रमाणीकरण किया गया है। सभी पेंशनधारियों के लिए वर्ष में एक बार जीवन प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य है। मगर इसके लिए कोई समय सीमा तय नहीं की गई है। यह एक सतत प्रक्रिया है तथा पेंशनधारी अपनी सुविधानुसार किसी भी समय अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएएससी) पर जाकर निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं। इसके लिए 67 हजार सीएससी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।




साइन इन