Samrat Choudhary anti Romeo squad to be called Abhaya Brigade miscreants names to include in Goonda register अभया ब्रिगेड होगा सम्राट का एंटी रोमियो स्क्वॉड, गुंडा रजिस्टर में चढ़ेंगे मनचलों के नाम, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अभया ब्रिगेड होगा सम्राट का एंटी रोमियो स्क्वॉड, गुंडा रजिस्टर में चढ़ेंगे मनचलों के नाम

बिहार में स्कूल-कॉलेज के पास तैनात की जाने वाली पुलिस की विशेष टीम को अभया ब्रिगेड के नाम से जाना जाएगा। छात्राओं के साथ ईव टीजिंग और छेड़खानी करने वाले मनचलों का नाम गुंडा रजिस्टर में भी चढ़ाया जाएगा।

Sat, 6 Dec 2025 11:59 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
अभया ब्रिगेड होगा सम्राट का एंटी रोमियो स्क्वॉड, गुंडा रजिस्टर में चढ़ेंगे मनचलों के नाम

बिहार का गृह मंत्री बनने के बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ऐक्शन में हैं। स्कूल और कॉलेज के आसपास छात्राओं से छेड़खानी करने वाले मनचले लड़कों के खिलाफ सरकार सख्त रवैया अपनाने वाली है। सम्राट के निर्देश पर बिहार पुलिस ने सभी जिलों में एंटी रोमियो स्क्वॉयड तैनात करने का काम शुरू कर दिया है। इसका नाम अभया ब्रिगेड होगा, जिसमें महिला के साथ पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।

जानकारी के अनुसार बिहार के 1300 से अधिक थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं लड़कियों को छेड़खानी से बचाने के लिए अभया ब्रिगेड तैयार किया जा रहा है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने इसको लेकर सभी जिलों को विशेष तौर पर आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक किसी मनचले को दो या इससे अधिक बार छेड़खानी में पकड़ा गया, तो उसका नाम गुंडा रजिस्टर के ईव टीजर शीर्षक के अंतर्गत दर्ज किया जाएगा।

छेड़खानी से जुड़े मामले में थाना स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित थानाध्यक्ष एवं एसडीपीओ पर भी जिम्मेदारी तय होगी और उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक प्रत्येक थाना स्तर पर गठित अभया ब्रिगेड की प्रभारी एक महिला पुलिस दारोगा होंगी। इनके नेतृत्व में दो पुरुष और एक महिला सिपाही होंगे। स्पॉट चिन्हित कर इनके आसपास सादे लिबास में मौजूद रहेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में बनेगा एंटी रोमियो स्क्वॉयड, गालीबाजों की भी खैर नहीं; ऐक्शन में सम्राट

पूर्व में पुलिस मुख्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस की यह विशेष टीम स्कूल और कॉलेज के आसपास नियमित रूप से गश्त करेगी। अगर कोई मनचले ईव टीजिंग या छात्राओं से छेड़खानी की कोशिश करेंगे तो उन्हें पकड़कर सख्त ऐक्शन लिया जाएगा। पुलिस मुख्यालय द्वारा अभया ब्रिगेड के लिए लगभग 2000 स्कूटी की खरीद भी की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।