सम्राट चौधरी ने शुभ मुहूर्त का 4 दिन इंतजार किया, अयोध्या में ध्वजारोहण के बाद संभाली होम मिनिस्ट्री
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को अयोध्या में राम मंदिर के ध्वजारोहण के बाद गृह मंत्री का पदभार संभाला। चार्ज लेने के बाद उन्होंने डीजीपी और अन्य पदाधिकारियों के साथ राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को राज्य के गृह मंत्री के रूप में पदभार संभाला। सम्राट ने अयोध्या में राम मंदिर के ध्वजारोहण के बाद गृह मंत्री का चार्ज लिया। इस शुभ मुहूर्त के लिए उन्होंने चार दिनों का इंतजार किया। सम्राट ने 20 नवंबर को मंत्री पद की शपथ ली थी। इसके पांचवें दिन 25 नवंबर को उन्होंने पदभार ग्रहण किया। चार्ज संभालने के बाद सम्राट चौधरी ने अपने दफ्तर में राज्य में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति की समीक्षा भी की।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मंगलवार को विवाह पंचमी के मौके पर राम मंदिर का ध्वजारोहण किया गया। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत मौजूद रहे। अयोध्या में ध्वजारोहण सुबह 11.45 से दोपहर 12 बजे के बीच अभिजीत मुहूर्त में हुआ। दूसरी ओर, पटना में सम्राट चौधरी ने इसके कुछ मिनट बाद ही गृह मंत्री का पदभार संभाला।
सम्राट मंगलवार सुबह सारण जिले के सोनपुर स्थित प्रसिद्ध हरिहरनाथ धाम पहुंचे और बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक एवं पूजन किया। इसके बाद वे पटना लौटे और बिहार पुलिस मुख्यालय में 12 बजकर 10 मिनट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सम्राट चौधरी गार्ड ऑफ ऑनर लेने के तुरंत बाद अपने कार्यालय चले गए और गृह मंत्री का पदभार ग्रहण किया।
गृह मंत्री का चार्ज लेने के बाद सम्राट ने विभाग के कार्यों और राज्य में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने वरीय पदाधिकारियों के साथ बहुत देर तक बातचीत की। इस दौरान गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी और बिहार पुलिस के डीजीपी विनय कुमार भी मौजूद रहे। वहीं, पूर्व डीजीपी नीलमणि, केएस द्विवेदी, डीएन गौतम और गुप्तेश्वर पांडेय भी इस मौके पर आए।




साइन इन