Samrat Chaudhary meets PM Modi first time after becoming CM also met with Nitin Nabin मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पीएम मोदी से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, नितिन नवीन से भी मिले, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पीएम मोदी से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, नितिन नवीन से भी मिले

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को दिल्ली दौरे पर पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। इससे पहले उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात हुई।

Tue, 21 April 2026 04:05 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली/पटना
share
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पीएम मोदी से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, नितिन नवीन से भी मिले

बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को दिल्ली पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। सीएम बनने के बाद सम्राट की पीएम से यह पहली मुलाकात है। पीएम मोदी और सीएम सम्राट के बीच यह शिष्टाचार मुलाकात बताई जा रही है। हालांकि, बिहार में नई सरकार के कैबिनेट विस्तार के मुद्दे पर भी दोनों नेताओं के बीच संभवतया रूप से चर्चा हुई है। पीएम से पहले सम्राट ने कुछ देर के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार दोपहर को पटना से दिल्ली पहुंचे। दिल्ली एयरपोर्ट से वे सीधे भाजपा मुख्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं के बीच महज 5 मिनट बातचीत हुई। इसके बाद सम्राट भाजपा मुख्यालय से निकल गए। फिर वे नई दिल्ली के 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पहुंचे। यहां पीएम नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक हुई। दोनो नेताओं के बीच बहुत देर तक चर्चा हुई।

सीएम क्या बोले?

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पीएम नरेंद्र मोदी से मिलकर उन्होंने विकसित भारत और समृद्ध बिहार के विजन पर मार्गदर्शन लिया। पीएम का स्नेह एवं सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान कर रहा है।

सीएम बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला दिल्ली दौरा है। इस दौरान वह पार्टी के शीर्ष नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात कर रहे हैं। सम्राट ने बीते 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ जदयू के दो नेताओं विजय चौधरी एवं बिजेंद्र यादव ने भी शपथ ली थी, जो नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। वहीं, सम्राट बिहार में भाजपा के पहले सीएम हैं।

सम्राट के शपथ ग्रहण में नहीं आए थे पीएम

सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल नहीं हु्ए थे। इसका कारण पश्चिम बंगाल चुनाव में व्यस्तता को बताया जा रहा था। इसलिए सम्राट चौधरी का शपथ ग्रहण का कार्यक्रम छोटा ही रखा गया था। अभी सम्राट कैबिनेट का विस्तार नहीं हुआ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के सभी 38 जिलों में बनेंगे एयरपोर्ट? सम्राट चौधरी ने अफसरों से मांगा प्लान

अगले महीने हो सकता है कैबिनेट विस्तार

नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण अगले महीने होने की संभावना जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों चुनाव खत्म होने के बाद ही बिहार में कैबिनेट विस्तार किया जाएगा। तब तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दोनों डिप्टी सीएम मिलकर ही सरकार चलाते रहेंगे। सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे के बीच कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ सीएम की संभावित मंत्रियों के नामों पर भी चर्चा हो रही है।

24 को विश्वास मत पेश करेंगे सम्राट चौधरी

सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए की नई सरकार बिहार विधानसभा में 24 अप्रैल को विश्वास मत पेश करेगी। गुरुवार को एक दिन के लिए बिहार विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजस्व कर्मियों का निलंबन वापस लेगी सम्राट सरकार, हड़ताल से हुए थे सस्पेंड
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।