बिहार में बीजेपी का 'ऑपरेशन फिनिश नीतीश' खत्म, रोहिणी ने इस्तीफे पर घेरा; तेजस्वी क्या बोले
नीतीश कुमार के एमएलसी पद से इस्तीफे के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है। रोहिणी आचार्या ने कहा, चाचा जी किए गए बिहार से तड़ीपार ..

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इस इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार फिलहाल मुख्यमंत्री बने रहेंगे। नीतीश कुमार के एमएलसी पद से इस्तीफे के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है। रोहिणी आचार्या ने कहा, चाचा जी किए गए बिहार से तड़ीपार ..
बिहार में बीजेपी का " ऑपरेशन फिनिश नीतीश " संपन्न हुआ, अंततः चाचा जी के न चाहते हुए भी बीजेपी के द्वारा उनका इस्तीफ़ा ले ही लिया गया .. चाचा जी ने जैसा बोया, वैसा पाया.. कुर्सी से चिपके रहने की सुविधा के मोह में मुख्यमंत्री की कुर्सी भी गयी और चला गया हाथ से बिहार .. समझी जा सकती है चाचा जी के अंतर्मन की चीत्कार।'
CM नीतीश कुमार के इस्तीफे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि दूसरे सदन में कोई चुना जाता है तो एक सदन से इस्तीफा देता है। लेकिन बात यह नहीं है, बात है कि सीएम नीतीश कुमार के बिना मर्जी के दवाब में निर्णय लिया गया है। जाहिर सी बात है बिहार में भाजपा के लोगों ने नीतीश जी और बिहार की जनता को ठगा है।
इधर JDU MLC संजय गांधी ने MLC पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे पर कहा, "भावुक पल नहीं था, मुख्यमंत्री बहुत सहज महसूस कर रहे थे। वे नियमों का पालन करते हैं। लगभग 20 साल से हम साथ में MLC रहे हैं।" सीएम के इस्तीफे के बारे में चर्चा करते हुए बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा, "मैंने सुबह मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की है। उन्होंने अपना इस्तीफा दिया है, अब उसकी प्रक्रिया हो रही है। सीट खाली घोषित की जाएगी... उनके जाने से बिहार दुखी है... आज बिहार की गिनती विकसित राज्यों में हो रही है... इस्तीफा स्वीकार हो गया है।"
बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा, “मुख्यमंत्री राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। मुख्यमंत्री आज MLC के पद का त्याग करेंगे। वही त्याग पत्र देकर उन्होंने सभापति के कार्यालय में भेजा है। इंतजार में हैं, सभापति आएंगे तब इस्तीफे पर आगे की कार्यवाही होगी।” बता दें कि जद(यू) राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 मार्च को संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए थे और एमएलसी की सदस्यता छोड़ने के लिए निर्धारित 14 दिन की अवधि सोमवार को समाप्त हो रही थी। जिसके बाद नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार का अगला सीएम कौन होगा? यह देखने वाली बात होगी।




साइन इन