वोटर लिस्ट में छूटे नाम जुड़वाएगी आरजेडी, तेजस्वी यादव ने विधायक और सांसदों को टास्क दिया
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आरजेडी के विधायक, सांसद, पूर्व प्रत्याशियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने सभी से वोटर लिस्ट से छूटे लोगों के नाम जुड़वाने का टास्क दिया है।
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर बुधवार को पटना में अहम बैठक की। इसमें उन्होंने आरजेडी के विधायक और सांसदों को वोटर लिस्ट से छूटे हुए लोगों के नाम जुड़वाने का टास्क सौंपा है। तेजस्वी ने एक, पोलो रोड स्थित अपने सरकारी आवास में आरजेडी के विधायक, सांसद, पूर्व प्रत्याशियों एवं पदाधिकारियों के साथ 2 घंटे तक बैठक की। इसमें तय हुआ कि आरजेडी आगामी चुनाव में पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगी।
तेजस्वी यादव की बैठक में आरजेडी नेताओं ने पिछले दिनों बिहार में एसआईआर के मुद्दे पर निकाली गई वोटर अधिकार यात्रा की सफलता और जनता का समर्थन मिलने पर चर्चा भी की। इसमें तय हुआ कि अभी इस मुद्दे पर आगे भी काम करना है। वोटर लिस्ट से जिन मतदाताओं का नाम छूट गया है, उनका नाम जुड़वाना है।
तेजस्वी ने आरजेडी के विधायक, सांसद और पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में जिन लोगों का नाम वोटर लिस्ट से कटा या छूटा है, उसे जुड़वाएं। अपने या परिवार ही नहीं बल्कि नाते-रिश्तेदार, पड़ोसी और ग्रामीणों का नाम भी जुड़वाएं। पूर्व डिप्टी सीएम ने दलित एवं वंचित तबके का खास ख्याल रखने को कहा है। ताकि इन वर्गों के कोई मतदाता वोट अधिकार से वंचित न रह जाए। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली दिए जाने के विरोध में एनडीए द्वारा बुलाए गए बंद को आरजेडी ने राजनीतिक चाल करार दिया।




साइन इन