RJD BLA workers files 3 objection claim on ECI Bihar SIR draft voter list 4 days before deadline after Tejashwi appeal तेजस्वी की अपील के तीसरे दिन चला RJD का मीटर; वोटर लिस्ट पर 3 दावा और आपत्ति से खाता खोला, Bihar Hindi News - Hindustan
More

तेजस्वी की अपील के तीसरे दिन चला RJD का मीटर; वोटर लिस्ट पर 3 दावा और आपत्ति से खाता खोला

बिहार में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर तेजस्वी यादव की अपील के तीसरे दिन राष्ट्रीय जनता दल का खाता भी खुल गया है। आखिरी पांचवें दिन पार्टी की तरफ से तीन दावा और आपत्ति दर्ज कराए गए हैं।

Thu, 28 Aug 2025 03:45 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
तेजस्वी की अपील के तीसरे दिन चला RJD का मीटर; वोटर लिस्ट पर 3 दावा और आपत्ति से खाता खोला

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और विपक्षी दलों के महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के अघोषित कैंडिडेट तेजस्वी यादव की खुली अपील के तीसरे दिन ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर राजद का आपत्ति और दावा मीटर चालू हो गया है। आरजेडी ने तीन दावा और आपत्ति के साथ मतदाता सूची अपडेट करने की प्रक्रिया में अपना खाता खोल लिया है। सुप्रीम कोर्ट ने भी पिछले शुक्रवार को राजनीतिक दलों को फटकार लगाई थी और पूछा था कि बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रभावित वोटरों की मदद क्यों नहीं कर रहे हैं। राजद के सहयोगी दल सीपीआई-एमएल ने अब तक कुल 79 मामले दाखिल किए हैं, जिसमें 26 बुधवार को दर्ज कराए गए हैं।

बिहार में वोटर अधिकार यात्रा कर रहे तेजस्वी यादव ने 25 अगस्त को वीडियो संदेश के जरिए राजद के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा था कि वो ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कटे लोगों का नाम जुड़वाने के काम में जुट जाएं। तेजस्वी ने पार्टी के नेताओं से कहा था कि जो नए वोटर बनाए जा सकते हैं, उनका नाम भी जुड़वाया जाए। लेकिन 25 अगस्त से 27 अगस्त की सुबह 10 बजे तक राजद के किसी भी बीएलए ने कोई दावा या आपत्ति नहीं दाखिल की। चुनाव आयोग ने गुरुवार को अपडेट दिया है कि उसे आज सुबह 10 बजे तक कुल 82 दावा या आपत्ति मिले हैं। इसमें 3 राजद और 79 सीपीआई-माले के हैं।

वोट चोरी’ बोले इस कदर, अब तेजस्वी की भी अपील बेअसर; दावा और आपत्ति में RJD जीरो

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले में चुनाव आयोग मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कर रहा है। इस प्रक्रिया में 1 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हुआ था जिसमें 65 लाख वोटरों का नाम निधन, घर पर ना मिलने या बाहर चले जाने और एक से ज्यादा बूथ पर होने के कारण कटा है। इस लिस्ट में अगर किसी को नाम कटने से आपत्ति है या नाम छूटने का दावा है तो वो फॉर्म भरकर 1 सितंबर तक दाखिल कर सकता है। वोटर सीधे भी ऐसा कर सकते हैं और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी यह काम कर सकते हैं। इस काम के लिए अब सबके पास चार दिन का समय बचा है।

अमित शाह को कैसे पता कि BJP सरकार 40-50 साल चलेगी? राहुल गांधी का ‘वोट चोरी’ पर नया सवाल

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू), भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और लोक जनशक्ति पार्टी - रामविलास (एलजेपी-आर) से अब तक कोई आपत्ति या दावा नहीं दाखिल हुआ है। महागठबंधन में शामिल राजद और सीपीआई-माले के अलावा कांग्रेस या मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) ने भी कोई दावा और आपत्ति नहीं दर्ज कराया है। बिहार में छह राष्ट्रीय और छह प्रांतीय दलों ने कुल 1 लाख 60 हजार 813 बीएलए नियुक्त किया है। आयोग इन 12 दलों का हिसाब ही दे रहा है। इस लिस्ट में एनडीए से जीतनराम मांझी का हम और महागठबंधन से सीपीआई के अलावा मुकेश सहनी की वीआईपी का हिसाब नहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:SC के सवाल से सहमा विपक्ष, अब जाकर तेजस्वी बोले- नाम जुड़वाने में जुट जाओ सब लोग
ये भी पढ़ें:बिहार SIR को लेकर 12 दलों को चुनाव आयोग नोटिस भेजेगा, SC के आदेश पर उठाया कदम
ये भी पढ़ें:बिहार SIR में आधार को मानना ही होगा, चुनाव आयोग से सुप्रीम कोर्ट की दो टूक
ये भी पढ़ें:BLA क्या कर रहे हैं? SC ने बिहार SIR पर निष्क्रियता को लेकर पार्टियों को फटकारा
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।