RJD attacks Nitish Govt on BJP leader murder takes dig at Samrat Choudhary Kachara Saaf Statement BJP नेता की हत्या पर RJD बोली- जनता भगवान भरोसे, सम्राट के कचरा साफ वाले बयान पर तंज, Bihar Hindi News - Hindustan
More

BJP नेता की हत्या पर RJD बोली- जनता भगवान भरोसे, सम्राट के कचरा साफ वाले बयान पर तंज

बिहार में भाजपा नेता की हत्या के मामले में सियासत चरम पर है। आरजेडी ने सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए आरोप लगाया है कि बिहार में आम जनता भगवान भरोसे है। 

Thu, 25 Dec 2025 04:13 PMभाषा पटना
share
BJP नेता की हत्या पर RJD बोली- जनता भगवान भरोसे, सम्राट के कचरा साफ वाले बयान पर तंज

बिहार के समस्तीपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता की हत्या के मामले पर सियासत गर्मा गई है। मुख्य विपक्षी दल लालू एवं तेजस्वी यादव की आरजेडी ने आरोप लगाया है कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और आम जनता भगवान भरोसे जीने को मजबूर है। आरजेडी ने डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी के उस दावे पर भी तंज कसा है, जिसमें उन्होंने अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कचरा साफ करने की बात कही थी।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने गुरुवार को कहा कि जब नीतीश सरकार अपने ही दल के नेताओं को सुरक्षा नहीं दे पा रही है, तो आम लोगों की सुरक्षा की गारंटी कैसे दी जा सकती है। आरजेडी ने भाजपा नेता की हत्या को सरकार की विफलता का प्रतीक बताया और जवाबदेही तय करने की मांग की।

दूसरी ओर, भाजपा ने इस मुद्दे पर विपक्ष द्वारा राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रियरंजन पटेल ने समस्तीपुर हत्याकांड को दुर्भाग्यपूर्ण करारत देते हुए कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई है और कानून अपना काम कर रहा है। भाजपा का कहना है कि विपक्ष को ऐसी घटनाओं पर राजनीति करने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए।

दरअसल, समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम भाजपा के पंचायत अध्यक्ष 23 वर्षीय रूपक सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सहनी जब अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें गोलियों से भून दिया और फिर पैदल ही वहां से भाग निकले। इस मामले में एसपी ने थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:समस्तीपुर में भाजपा पंचायत अध्यक्ष की हत्या, मंदिर के पास हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताया है। के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा था कि अपराध को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। सार्वजनिक मंच से अपने संबोधन में मंत्री ने कहा था कि उनका काम “कचरा साफ करना” है और वह यह काम कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया था कि कई अपराधी बिहार छोड़कर भाग चुके हैं और जो बचे हैं, उन्हें तीन महीने के भीतर राज्य से बाहर कर दिया जाएगा। सम्राट के बयान के कुछ ही घंटे बाद भाजपा नेता रूपक सहनी की हत्या हो गयी, जिससे विपक्ष मंत्री के दावे पर सवाल उठा रहा है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।