‘लालू-राबड़ी राज में अपराधी सम्राट…’ दो यादवों के एनकाउंटर पर सवाल से भड़के रामकृपाल
Bihar Politics: बीजेपी के वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव ने बिहार में हुए एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लालू राज में अपराधी सम्राट थे, लेकिन आज सीएम सम्राट चौधरी के राज में अपराधी बिलों में घुस गए हैं।

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में इन दिनों अपराध और अपराधियों को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। हाल ही भागलपुर और सिवान में हुए एनकाउंटर और राज्य की कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर हमला बोला है। रामकृपाल यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और विपक्षी नेताओं के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में अपराधी ही 'सम्राट' हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि आज बिहार में असली 'सम्राट' का शासन है और इस राज में अपराधी अब बिलों में छिपने को मजबूर हो गए हैं।
"बिहार में अब सब ठीक है"
बीजेपी नेता ने जोर देकर कहा कि बिहार में अब अमन-चैन का माहौल है और जो कोई भी इस शांति को भंग करने की कोशिश करेगा, उसे पुलिस प्रशासन द्वारा मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। दरअसल, बिहार में हाल ही में दो कथित 'यादव' अपराधियों के एनकाउंटर के बाद विपक्ष ने इसे जातिगत रूप देने की कोशिश की थी। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि अब बिहार में अपराधी ही सम्राट बन गए हैं। इसी सवाल पर रामकृपाल यादव बिफर पड़े और उन्होंने अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि जनता भूली नहीं है कि उस दौर में अपराधियों को किस तरह का संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने कार्यकाल के दौरान की गुंडागर्दी को याद कर रहा है, जबकि आज की सरकार अपराधियों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।
"लालू-राबड़ी के राज में अपराधी बेखौफ थे"
रामकृपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि बिहार में अब किसी भी अपराधी की मनमानी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि "लालू-राबड़ी के राज में अपराधी बेखौफ घूमते थे, लेकिन अब सब कुछ दुरुस्त है। बिहार की जनता सुरक्षित महसूस कर रही है।" भाजपा नेता का यह बयान सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोर रहा है।




साइन इन