राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने सूर्य मंदिर में दर्शन किए, औरंगाबाद से गयाजी जा रही यात्रा
बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने सुबह औरंगाबाद जिले के देव में सूर्य मंदिर के दर्शन किए। कुटुंबा से अंबा होते हुए उनकी यात्रा देव पहुंची। सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यहां से आगे बढ़ गई।

Rahul Gandhi Tejashwi Yadav Bihar Yatra: बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार सुबह औरंगाबाद जिले के देव में प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। राहुल-तेजस्वी की एसआईआर के मुद्दे पर बिहार विधानसभा चुनाव से पहले निकाली जा रही यात्रा का दूसरा दिन है। सोमवार को औरंगाबाद के कुटुंबा से शुरू होकर यह यात्रा रात में गयाजी पहुंचेगी।
महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे कुटुंबा प्रखंड के बभंडीह खेल मैदान से शुरू हुई। इस यात्रा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के अलावा वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक राजेश कुमार भी शामिल रहे।
सुबह 8.30 बजे यह यात्रा NH-139 से होते हुए अंबा चौक पहुंची। यहां विभिन्न घटक दलों के नेता और समर्थक झंडे-बैनर के साथ बड़ी संख्या में मौजूद रहे। राहुल गांधी का काफिला यहां से देव की ओर बढ़ा। बीच में हर गांव में लोग स्वागत के लिए झंडे और बैनर लेकर खड़े दिखे। राहुल, तेजस्वी समेत अन्य नेताओं ने ओपन जीप से हाथ हिलाकर और जोड़कर समर्थकों का अभिवादन किया।

सुबह लगभग साढ़े 9 बजे उनका काफिला देव पहुंचा। राहुल और तेजस्वी यहां से सीधे सूर्य मंदिर गए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नेताओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद सभी नेता मंदिर से बाहर निकले और यात्रा देव मोड़ की ओर बढ़ी। रास्ते में समर्थकों का उत्साह बरकरार रहा, जो झंडे-बैनर के साथ नेताओं का स्वागत करते रहे। फिर यह यात्रा देव से आगे की ओर बढ़ गई। गुरारू होते हुए राहुल गांधी की यात्रा शाम में गयाजी पहुंचेगी, जहां रैली होगी।
(अंबा और देव (औरंगाबाद) से हिन्दुस्तान संवाददाताओं के इनपुट के साथ)




साइन इन