राहुल गांधी ने पहले दिन 60 किलोमीटर यात्रा की, कुटुंबा में रात्रि विश्राम; आज गयाजी पहुंचेंगे
बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहले दिन 6 घंटे में 60 किलोमीटर का सफर किया। सासाराम से डेहरी, औरंगाबाद होकर रात राहुल कुटुंबा पहुंचे और यहीं पर रात्रि विश्राम किया। आज रात में वे गयाजी पहुंचेंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर के मुद्दे पर वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहले दिन 60 किलोमीटर का सफर किया। इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव भी उनके साथ रहे। सासाराम से दोपहर में शुरू हुई उनकी यात्रा डेहरी होते हुए शाम को औरंगाबाद पहुंची। यहां रैली को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी रात को कुटुंबा पहुंचे। यहां बभंडी ग्राउंड में राहुल ने रात्रि विश्राम किया। सोमवार को यहां से यात्रा फिर शुरू होगी और गयाजी तक पहुंचेगी।
राहुल गांधी और तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में रविवार को सासाराम में डेहरी के नजदीक सुअरा हवाई अड्डा से शुरू हुई मतदाता अधिकार यात्रा ने पहले दिन 60 किलोमीटर की दूरी तय की। इसे रोहतास जिले के डेहरी से औरंगाबाद जिले के कुटुंबा तक पहुंचने में करीब 6 घंटे लगे। पूरे रास्ते में लोगों ने जगह-जगह यात्रा का झंडे-बैनर के साथ स्वागत किया। रास्ते में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ता पार्टियों के झंडे के साथ उत्साहित दिखे।
इस दौरान राहुल ने दो जगहों पर जनसभा को संबोधित किया। दोनों सभाओं में राहुल ने चुनाव आयोग और मोदी सरकार को निशाने पर लिया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने संदेश दिया कि बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एसआईआर का मुद्दा इंडिया के लिए अहम है।
सासाराम में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यात्रा को रवाना किया। साढ़े तीन घंटे चली सभा का समापन ढाई बजे हुआ। यहां राहुल गांधी करीब 10 मिनट तक बोले। करीब एक घंटे बाद डेहरी बाजार के लिए रवाना हुए। यहां 48 मिनट तक यात्रा के दौरान राहुल गांधी रहे। करीब पांच बजे डेहरी शहर से होते हुए काफिला औरंगाबाद के लिए रवाना हुआ।
औरंगाबाद की सीमा बारुण में 5.45 बजे काफिला पहुंचा। नेशनल हाइवे पर ही एक रिसॉर्ट में अचानक राहुल का काफिला रुका। यहां भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच सुरक्षा कारणों के मद्देनजर राहुल गांधी की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी और औरंगाबाद के एसडीओ संतान कुमार सिंह व एसडीपीओ संजय पांडे के बीच बहस हो गई। यहां 5 मिनट रुकने के बाद यात्रा फिर से शुरू हुई।
निर्धारित रूट के अनुसार नेशनल हाइवे पर ही मुंशी बीघा मोड पर काफिले को रुकना था। वहां बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता राहुल गांधी और तेजस्वी की स्वागत के लिए पहले से खड़े थे। लेकिन वहां भी काफिला नहीं रुका। औरंगाबाद के रमेश चौक पर शाम करीब शाम सात बजे राहुल गांधी और तेजस्वी की सभा हुई।
देव के सूर्य मंदिर में दर्शन करेंगे राहुल गांधी, रात को गयाजी पहुंचेंगे
दूसरे दिन सोमवार को बिहार वोटर अधिकार यात्रा कुटुंबा से शुरू होगी और देव, गुरारु होते हुए गयाजी पहुंचेगी। राहुल गांधी सुबह करीब साढ़े 9 बजे वे देव के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद आगे की यात्रा पर निकलेंगे। मतदाता अधिकार यात्रा सोमवार को गयाजी पहुंचेगी। इस दौरान राहुल और तेजस्वी यादव गेवाल बिगहा के खलीस पार्क के पास सभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का रात्रि विश्राम गयाजी के रसलपुर क्रिकेट ग्राउंड में होगा।




साइन इन