Rahul Gandhi Tejahshwi Bihar Voter Adhikar Yatra day 14 Chapra Ara Akhilesh Yadav राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा आरा पहुंची, मोदी सरकार पर गरजे अखिलेश और तेजस्वी यादव, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा आरा पहुंची, मोदी सरकार पर गरजे अखिलेश और तेजस्वी यादव

Rahul Tejashwi Yatra Day 14 Highlights: छपरा के एकमा से शनिवार सुबह शुरु हुई राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा दोपहर में आरा पहुंची। आरा में जनसभा के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एसआईआर को लेकर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Sat, 30 Aug 2025 02:13 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, छपरा/आरा
share
राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा आरा पहुंची, मोदी सरकार पर गरजे अखिलेश और तेजस्वी यादव

Rahul Gandhi Tejashwi Yadav Bihar Yatra Day 14 Highlights: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले वोटर लिस्ट रिवीजन (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की यात्रा का आज (शनिवार, 30 अगस्त) 14वां दिन रहा। महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा से आज उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी जुड़े। राहुल-तेजस्वी की यात्रा सुबह छपरा (सारण) के एकमा से शुरू हुई, जो दोपहर में आरा पहुंची। आरा के वीर कुंवर सिंह मैदान में जनसभा का आयोजन किया गया, जहां बारी-बारी से सभी नेताओं ने एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी सरकार पर कई आरोप लगाए। अपने छोटे से भाषण में उन्होंने कहा, 'पीएम मोदी, बीजेपी और आरएसएस मिलकर अडानी और अंबानी की सरकार चला रहे हैं। पब्लिक सेक्टर के सारे रास्ते छीन लिए गए हैं। गरीबों की आवाज दबाई जा रही है। महाराष्ट्र, हरियाणा और लोकसभा में चुनाव चोरी किया गया। मगर बिहार में एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे।'

अखिलेश बोले- भाजपा के तीन तिगाड़ा को इंडिया गठबंधन तोड़ेगा

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव पर पूरे देश की निगाहें हैं। जिस तरह से उत्साह नजर आ रहा है, उससे लग रहा है कि बिहार के लोग इस बार भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करेंगे। उन्होंने कहा, ‘हमने भाजपा को अवध में हराया था, इस बार मगध की बारी है।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मोदी को गाली से भड़के BJP नेताओं ने दिखाए काले झंडे, राहुल गांधी ने टॉफी थमा दी

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों का इस्तेमाल करती है। इस्तेमाल करके उन्हें बर्बाद कर देती है। अखिलेश ने बीजेपी, सरकार और अधिकारियों का "तीन तिगाड़ा" बताया और कहा कि इसे इंडिया गठबंधन तोड़ेगा। एसआईआर के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ये पहले लोगों के वोट का अधिकार छीनेंगे, फिर राशन और फिर नौकरी का अधिकार छीनेंगे।

मोदी और नीतीश पर बरसे तेजस्वी

आरा में महागठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि इसी मैदान से नरेंद्र मोदी ने बिहार के लिए स्पेशल पैकेज की घोषणा करते हुए बोली लगाई थी। मगर आज तक वो पैकेज नहीं मिला। मोदी के वादे कागज के नाव और जहाज की तरह हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर आरजेडी के वादों की नकल करने का आरोप लगाया और कहा कि इनके पास विजन नहीं है।

छपरा से आरा तक राहुल, तेजस्वी, अखिलेश समेत इंडिया गठबंधन के बड़े नेताओं के साथ आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या भी मौजूद रहीं। भोजपुर जिले में बबुरा से आरा तक करीब 30 किलोमीटर तक वोटर अधिकार यात्रा निकली।

आरा में राहुल गांधी को दिखाए गए काले झंडे

आरा में रोड शो के दौरान राहुल गांधी को भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं अन्य भाजपा नेताओं ने काले झंडे दिखाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली दिए जाने का विरोध करते हुए कार्यकर्ताओं ने राहुल के सामने नारेबाजी की। काले झंडे देख राहुल गांधी ने अपनी गाड़ी रुकवाई और नारेबाजी कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने पास बुलाया। फिर टॉफी निकालकर उन्हें थमाकर वे आगे बढ़ गए।

भोजपुर के प्रवेश द्वार पर हाथी-घोड़ों से स्वागत

सारण से भोजपुर जिले के प्रवेश द्वार बबुरा में राहुल-तेजस्वी समेत अन्य नेताओं के स्वागत के लिए हाथी, घोड़े और ऊंट मंगाए गए। पारंपरिक गोड़ नाच समेत अन्य तरीकों से भव्य स्वागत किया गया।

इसके बाद वोटर अधिकार यात्रा सुबह 11.05 बजे पचरुखिया बाजार पहुंची। वहां से दोपहर 12.05 बजे हरिपुर मोड़ और 12.10 बजे मनभावन मोड़ से वाहनों का काफिला आगे बढ़ा। बबुरा से आगे रास्ते में कहीं पर राहुल और तेजस्वी का काफिला नहीं रुका। हरिपुर मोड़ पर गाड़ी के अंदर बैठे राहुल गांधी का चेहरा नजर नहीं आया तो समर्थक मायूस हो गए।

भोजपुर की 2 विधानसभा से गुजरी वोटर अधिकार यात्रा

राहुल-गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा आज भोजपुर जिले की 7 में से दो विधानसभा बड़हरा और आरा से गुजरी। दोनों क्षेत्रों में फिलहाल भाजपा का कब्जा है। इस बार महागठबंधन में कांग्रेस ने इन दोनों क्षेत्रों में दावेदारी जताई है। इसलिए राहुल गांधी का दौरा यहां महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले चुनाव में बड़हरा में राजद और आरा में सीपीआई माले ने महागठबंधन से चुनाव लड़ा था।

बड़हरा में नहीं रुका राहुल गांधी का काफिला

राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव का काफिला बड़हरा प्रखंड में नहीं रुका। यहां कई नेता, प्रत्याशी, कार्यकर्ता हाथ में फूल लिए खड़े रहे। नारा लगाते रहे लेकिन राहुल गांधी की गाड़ी बिना रुके आगे बढ़ गई।

कोईलवर में समर्थकों को मिली राहुल की झलक

कोईलवर के झलकूनगर मोड़ पर कांग्रेसी झंडों से पटा जोरदार स्वागत को देख राहुल गांधी आधा मिनट के लिए गाड़ी से ऊपर निकले और फिर निकल गए।

एक घंटे देर से शुरू हुई यात्रा

सारण जिले के एकमा में आमदाढी के कर्णपुरा ब्रह्मस्थान में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को रात्रि विश्राम किया था। सुबह 7.45 बजे से यात्रा शुरू होने वाली थी, लेकिन इसमें लगभग एक घंटे की देरी हुई।

वोटर अधिकार यात्रा में कल ब्रेक, 1 सितंबर को पटना में होगा समापन

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के 14वें दिन की वोटर अधिकार यात्रा का आरा में खत्म हो गई। 15वें दिन यानी रविवार को यात्रा का ब्रेक रहेगा। इसके बाद सोमवार 1 सितंबर को इस यात्रा का आखिरी दिन होगा। पटना में मार्च के साथ इस यात्रा का समापन होगा। पहले गांधी मैदान में जनसभा का आयोजन होना था, मगर प्रशासनिक मंजूरी न मिलने के चलते राहुल-तेजस्वी शहर में मार्च करके वोटर अधिकार यात्रा का समापन करेंगे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।