पूर्णिया एयरपोर्ट का काम 30 अगस्त तक हर हाल में पूरा हो, दिल्ली से आए अफसरों की दो-टूक
दिल्ली से पहु्ंचे नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एएआई के अधिकारियों ने पूर्णिया एयरपोर्ट का निर्माण कार्य की फाइनल डेडलाइन 30 अगस्त दी है। काम पूरा होने के बाद डीजीसीए से अप्रूवल लिया जाएगा। फिर पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों सितंबर में उद्घाटन कराया जाएगा।

Purnia Airport Update: बिहार के पूर्णिया एयरपोर्ट पर काम तेजी से चल रहा है। दिल्ली और पटना से पहुंची अफसरों की टीम ने दो-टूक शब्दों में कहा कि 30 अगस्त से पहले निर्माण कार्य हर हाल में पूरा होना चाहिए। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले पूर्णिया एयरपोर्ट पर विमान सेवा चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले 15 अगस्त से पूर्णिया से फ्लाइट उड़ाने की बात कही जा रही थी, मगर निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से इसका उद्घाटन सितंबर तक टाल दिया गया है।
दिल्ली से नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के चेयरमैन विपिन कुमार, बिहार सरकार के डेवलपमेंट कमिश्नर (चीफ सेक्रेटरी सिलेक्ट) प्रत्यय अमृत समेत सात सदस्यीय टीम गुरुवार को पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंची। हेलिकॉप्टर से सीधे वह चुनापूर हवाई अड्डा उतरे। यहां पूर्णिया एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों का अवलोकन करने के बाद नवनिर्माणाधीन टर्मिनल बिल्डिंग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की गई।
पूर्णिया एयरपोर्ट के निर्माण की 30 अगस्त फाइनल डेडलाइन
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया एयरपोर्ट लगभग बनकर तैयार हो गया है। बची खुची अड़चनें भी गुरुवार को होने वाली समीक्षा बैठक में दूर कर अगले महीने (सितंबर 2025) से यहां हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी पर मुहर लगाई गई। अधिकारियों ने दो-टूक शब्दों में कहा कि कार्यों में किसी तरह की शिथिलता न बरतें। पूर्णिया एयरपोर्ट का काम पूरा करने के लिए फाइनल डेडलाइन 30 अगस्त दे दी गई है।
अधिकारियों ने कहा कि वह 30 अगस्त को फिर यहां आएंगे, तब तक काम पूरा हो जाना चाहिए। इस दौरान प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार, डीआईजी प्रमोद मंडल, डीएम अंशुल कुमार, एसपी स्वीटी सहरावत, विंग कमांडर एयरफोर्स समेत अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
आचार संहिता लगने से पहले पूर्णिया एयरपोर्ट शुरू होगा
बता दें कि बिहार में आगामी अक्टूबर और नवंबर के महीने में विधानसभा चुनाव संभावित है। अक्टूबर में चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद आचार संहिता लग जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि इससे पहले ही पूर्णिया से उड़ान सेवा चालू करा दी जाए। पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कराए जाने की कवायद तेज है।
17 सितंबर को पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने कहा कि आचार संहिता के लागू होने से पहले हवाई सेवा शुरू करना है। गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्यों को जल्द पूर्ण कराएं। इस माह के अंत तक कार्य पूर्ण करने के बाद सितंबर माह के शुरुआत में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (डीजीसीए) से अप्रूवल भी मिलने की संभावना है। अप्रूवल मिलने के साथ पीएमओ से उदघाटन की तारीख तय की जाएगी। माना जा रहा है कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री यहां से हवाई सेवा को हरी झंडी देकर रवाना कर सकते हैं। इस दौरान हवाई रूट चिह्नित करते हुए टिकटों की बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
(पूर्णिया से धीरज की रिपोर्ट)




साइन इन