Punaura Dham Sita Mandir foundation stone will be laid in August Nitish cabinet approves Rs 882 crore पुनौरा धाम सीता मंदिर का अगस्त में होगा शिलान्यास, नीतीश कैबिनेट से 882 करोड़ रुपये मंजूर, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पुनौरा धाम सीता मंदिर का अगस्त में होगा शिलान्यास, नीतीश कैबिनेट से 882 करोड़ रुपये मंजूर

सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में मां जानकी जन्मस्थली पर मंदिर निर्माण का शिलान्यास अग्सत 2025 में होगा। नीतीश कैबिनेट की बैठक में इस योजना के लिए मंगलवार को 882 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

Tue, 1 July 2025 02:35 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
पुनौरा धाम सीता मंदिर का अगस्त में होगा शिलान्यास, नीतीश कैबिनेट से 882 करोड़ रुपये मंजूर

बिहार के सीतामढ़ी में स्थित मां सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम में प्रस्तावित सीता मंदिर का अगस्त में शिलान्यास किया जाएगा। मंदिर निर्माण और क्षेत्र के विकास के लिए एक विस्तृत योजना को नीतीश कैबिनेट ने मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में इसके लिए 882.87 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। सीएम ने कहा कि इस योजना का काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। सीतामढ़ी में भव्य सीता मंदिर का शिलान्यास आगामी अगस्त महीने में किया जाएगा। इसके लिए सभी वरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

कैबिनेट बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हम लोग पुनौरा धाम सीतामढ़ी में भव्य मंदिर निर्माण जल्द पूरा कराने के लिए कृत संकल्पित हैं। इसका श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या की तर्ज पर समग्र विकास किया जाएगा। पुनौरा धाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण सभी देशवासियों के लिए और विशेष रूप से बिहार वासियों के लिए सौभाग्य एवं गर्व की बात है।

मुख्य सचिव की देखरेख में बनेगा मंदिर

पिछले सप्ताह ही राज्य सरकार ने पुनौरा धाम में जानकी मंदिर के निर्माण के लिए ट्रस्ट का पुनर्गठन किया था। बिहार के मुख्य सचिव को पुनौरा धाम मंदिर न्यास समिति का चेयरमैन बनाया गया। उनकी देखरेख में ही इस मंदिर का निर्माण होगा। इस ट्रस्ट में कुल 9 सदस्य होंगे, जिनमें राज्य के विभिन्न विभागों के सचिव के साथ ही डीएम, डीडीसी और पुनौरा धाम मठ के महंत शामिल हैं। राज्य के विकास आयुक्त को इस न्यास समिति का उपाध्यक्ष और डीडीसी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पुनौरा धाम न्यास समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव, मां जानकी मंदिर बनवाएगी सरकार

नीतीश सरकार ने पिछले साल नवंबर महीने में भी पुनौरा धाम में विकास कार्य के लिए 120 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। यह बजट क्षेत्र में पर्यटक सुविधाएं और बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए भूमि अदिग्रहण करने को लेकर स्वीकृत हुआ था। इसके तहत 50 एकड़ से ज्यादा की भूमि को अधिग्रहित किया जाना था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।