पूजा बनी दूल्हा, काजल दुल्हन; इंस्टाग्राम पर दोस्त बने लेसबियन कपल ने मंदिर में लिए सात फेरे
सुपौल के त्रिवेणीगंज में दो युवतियों की शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी और फिर प्यार में बदल गई। दोनों युवतियों ने मंगलवार को मंदिर में सात फेरे ले लिए।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती। फिर एक-दूसरे से हुई जान-पहचान इतनी बढ़ गई कि दो युवतियों ने साथ जीने-मरने तक की कसमें खा लीं और अंतत: बीते मंगलवार की देर रात एक मंदिर में दोनों भगवान को साक्षी मानकर अग्नि के सात फेरे लिए और उम्र भर के लिए एक-दूसरे की हो गईं। यह अनोखी शादी बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में हुई है। जहां नगर परिषद वार्ड 18 स्थित एक मॉल में कार्यरत दो युवतियों ने आपसी सहमति से समलैंगिक विवाह कर लिया है। यह विवाह अब त्रिवेणीगंज ही नहीं बल्कि आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार वैवाहिक बंधन में बंधीं दोनों युवतियों की मुलाकात दो साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। ऑनलाइन बातचीत से शुरू हुई दोस्ती समय के साथ गहरे भावनात्मक रिश्ते में बदल गई। एक-दूसरे को समझने और साथ समय बिताने के बाद दोनों ने सात जन्म तक साथ रहने का फैसला लिया।
गैस चूल्हा जलाकर बनाया अग्निकुंड और लिए सात फेरे
इसी क्रम में, मंगलवार देर रात दोनों त्रिवेणीगंज मेला ग्राउंड स्थित एक मंदिर पहुंचीं और भगवान को साक्षी मानकर सादे तरीके से विवाह के बंधन में बंध गईं। बताया जाता है कि उस समय मंदिर परिसर में कम लोग मौजूद थे। विवाह के दौरान दोनों ने गैस चूल्हे के चारों ओर सात फेरे लेकर एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की कसमें खाईं।
दोनों युवतियां पिछले दो महीनों से नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 18 में किराए के कमरे में साथ रह रही थीं और एक ही मॉल में काम करती हैं। बुधवार सुबह जब वे विवाह के बाद अपने कमरे पर लौटीं तो यह बात मोहल्ले में फैल गई, जिसके बाद आसपास के लोग जानकारी लेने जुटने लगे। इसी बीच नवविवाहित युवतियों ने अपनी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
मधेपुरा की रहने वाली हैं दोनों युवतियां
युवतियों की पहचान मधेपुरा जिले के मुरलीगंज गोशाला चौक वार्ड 8 निवासी संतोष गुप्ता की 21 वर्षीय पुत्री पूजा गुप्ता तथा शंकरपुर थाना क्षेत्र के मौरा बघला वार्ड एक निवासी शंभू यादव की 18 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। इस अनोखे विवाह में पूजा गुप्ता ने दूल्हे की भूमिका निभाई, जबकि काजल कुमारी दुल्हन बनीं। दोनों युवतियों का कहना है कि उनका रिश्ता पूरी तरह आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव पर आधारित है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उन्होंने बिना किसी दबाव के आपसी सहमति से लिया है और वे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं। इस विवाह को लेकर स्थानीय स्तर पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सहमति का विषय बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे सामाजिक परंपराओं के विपरीत मान रहे हैं। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।




साइन इन