यूपीए की तुलना में मोदी सरकार में बिहार को मिली चार गुनी मदद : सरावगी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। बिहार को 2014-2024 में केंद्र सरकार से 9.23 लाख करोड़ की सहायता मिली है। ग्रामीण सड़कों का नेटवर्क 1.2 लाख किलोमीटर तक पहुंच चुका है और कई बड़े एक्सप्रेस-वे परियोजनाएं चल रही हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार में डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से राज्य विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। बिहार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और हर क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल कर रहा है। शनिवार को जारी बयान में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच बिहार को केंद्र सरकार से लगभग 9.23 लाख करोड़ की सहायता एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है, जो पूर्ववर्ती यूपीए शासनकाल की तुलना में लगभग चार गुना अधिक है।
यह राशि बिहार के आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बिहार में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य हुए हैं। ग्रामीण सड़कों का नेटवर्क 1.2 लाख किलोमीटर तक पहुंच चुका है तथा 100 से अधिक आबादी वाले सभी टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का कार्य तेजी से चल रहा है। राज्य में पटना-पूर्णिया, बक्सर-भागलपुर, आमस-दरभंगा, गोरखपुर-सिलीगुड़ी, रक्सौल-हल्दिया तथा वाराणसी-गया-कोलकाता सहित छह बड़े एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं पर काम हो रहा है, जिससे बिहार की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गंगा नदी पर सात नए पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि सात अन्य पुल निर्माणाधीन हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन