Patna Veterinary college student shot after fight over playing cricket पटना में वेटनरी कॉलेज के छात्र को गोली मारी, क्रिकेट खेलने के लिए हुआ था झगड़ा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पटना में वेटनरी कॉलेज के छात्र को गोली मारी, क्रिकेट खेलने के लिए हुआ था झगड़ा

पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित वेटनरी कॉलेज ग्राउंड पर क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में बाहरी लड़कों ने एक छात्र को गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

Fri, 11 July 2025 06:08 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, मुख्य संवाददाता, पटना
share
पटना में वेटनरी कॉलेज के छात्र को गोली मारी, क्रिकेट खेलने के लिए हुआ था झगड़ा

बिहार की राजधानी पटना में वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में एक छात्र को गोली मार दी गई। पशु चिकित्सा महाविद्यालय के छात्र का क्रिकेट खेलने को लेकर बाहरी लड़कों से विवाद हुआ था। घटना गुरुवार की शाम 5 बजे की है। वेटनरी कॉलेज के द्वितीय वर्ष के घायल छात्र मयंक को इलाज के लिए आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया है। गोली उसकी अंगुली में लगी है। छात्र की हालत खतरे से बाहर है।

दरअसल, शाम में वेटनरी कॉलेज के छात्र क्रिकेट खेलने पहुंचे। उनकी पिच पर पहले से बाहरी लड़के खेलते मिले। छात्रों ने उनसे कहा कि ग्राउंड उनके कॉलेज का है। वे यहां से हट जाएं। इस पर बाहरी लड़कों और छात्रों के बीच कहासुनी हो गई। फिर बात मारपीट तक जा पहुंची। इतने में बाहरी लड़कों ने अपने दूसरे साथियों को कॉल कर बुला लिया। इनमें से एक ने हथियार निकालकर गोली चला दी जो उसी जगह पर खड़े मयंक को जा लगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना में अब बालू कारोबारी का मर्डर, रमाकांत यादव की घर के बाहर गोली मारकर हत्या

इसके बाद सभी आरोपी भाग निकले। गोली चलते ही आसपास इलाके में दहशत फैल गई। बाद में घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एयरपोर्ट थानेदार ने बताया कि पुलिस इस वारदात की छानबीन कर रही है। गोली चलाने वालों के बारे में जानकारी ली जा रही है।

पहले भी छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन से की थी शिकायत

एक छात्र ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान पहले भी बाहरी लड़कों के साथ विवाद हुआ है। पहले भी उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों ने कहा कि अक्सर बाहरी लड़कों के साथ असामाजिक तत्व कॉलेज मैदान में आते हैं और खेल को लेकर विवाद करते हैं। विरोध करने पर वे धमकी देकर चले जाते हैं। कॉलेज प्रबंधन छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लेता तो ये नौबत नहीं आती।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।