गार्ड की गन और गोली फेंक दी, एक का सिर फोड़ा; पटना में दिनदहाड़े कैशवैन को घेर लाखों की लूट
पहले वैन को आगे से रोका फिर हथियार दिखाकर गार्ड को अपने कब्जे में ले लिया। सबसे पहले उसकी बंदूक और गोली छीन कर खेत में फेंक दी। उसके बाद कैशवैन में सवार एक कर्मी से पैसे की पेटी (बक्सा) मांगने लगे। विरोध किया तो पिस्टल की बट से मारकर उसे घायल कर दिया।

Patna Cash Van Loot: पटना में अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया है। पटना से सटे गोपालपुर थाना क्षेत्र के मरचा मर्ची रोड में जोल बिगहा के पास बुधवार को अपराधियों ने एक कैशवैन को हथियार के बल पर घेर लिया। इसके बाद उसमें रखे 27 लाख रुपये लूट लिए।अपराधियों ने कैशवैन में सवार गार्ड की बंदूक और गोली छिनकर खेत में फेंक दिए, जबकि पैसे की पेटी नहीं देने पर एक कर्मी को पिस्टल के बट से मारकर घायल कर दिया। कैशवैन संपतचक स्थित बिग बाजार एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान से पैसा लेकर लौट रहा था। वारदात के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अपराधी भागने में कामयाब रहे। सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने कहा कि कैशवैन के गार्ड और दो अन्य कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। घटना के समय वैन का गेट बंद नहीं था। वाहन का शीशा भी खुला था। सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है।
गोपालपुर के मरचा-मर्ची रोड चेन्नई की सीएमएस सिक्योरिटी कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट के दौरान अपराधियों ने गार्ड की बंदूक और गोलियां छीनकर खेत में फेंक दिया। विरोध करने पर एक कर्मी का पिस्टल की बट से सिर फोड़ दिया तथा रुपयों से भरा बक्सा लेकर भाग गए।जिले में बड़ी वारदात के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन वरीय अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी पहुंच गया। पुलिस ने विभिन्न रास्तों की नाकाबंदी कर अपराधियों की धरपकड़ शुरू कर दी, लेकिन अपराधियों का पता नहीं चल सका। हालांकि पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि चेन्नई की सीएमएस सिक्योरिटी कंपनी के तीन कर्मचारी रोज की तरह पटना और आसपास के इलाके में संचालित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से राशि एकत्रित कर कैशवैन से बैंक में जमा कराने जा रही थी। इसी दौरान बुधवार की दोपहर तीन बजे मरचा-मर्ची रोड में जोल बिगहा गांव के पास घात लगाए खड़े दो बाइक सवार पांच अपराधियों ने लूटपाट की। पहले वैन को आगे से रोका फिर हथियार दिखाकर गार्ड को अपने कब्जे में ले लिया।
सबसे पहले उसकी बंदूक और गोली छीन कर खेत में फेंक दी। उसके बाद कैशवैन में सवार एक कर्मी से पैसे की पेटी (बक्सा) मांगने लगे। विरोध किया तो पिस्टल की बट से मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद रुपये की पेटी लेकर बाइक से फरार हो गए। इस बीच, मौके पर पहुंचे सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि जब वैन पैसा लेकर जा रहा था तो कंपनी के अधिकारियों ने स्थानीय थाने को क्यों नहीं सूचना दी, इसकी जांच की जा रही है।
सुरक्षा गार्ड बोला-गोली मारने की धमकी दे रहे थे अपराधी
कैशवैन में मौजूद सुरक्षा गार्ड जितेंद्र सिंह ने बताया कि वे लोग संपतचक स्थित बिग बाजार और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठान से नकदी लेकर लौट रहे थे। जोल बिगहा गांव के पास दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने वैन को घेर लिया और रास्ता रोक दिया। बदमाशों ने ड्राइवर पर पिस्टल की बट से हमला किया जिससे उसे मामूली चोट आई है। इसके बाद अपराधी वैन में घुस गए और पेटी में रखे करीब 27 लाख लेकर मौके से फरार हो गए। वैन को ड्राइवर अरुण कुमार चला रहा था जबकि कस्टोडियन में विपिन कुमार थे। चालक अरुण कुमार ने बताया कि तीन बदमाशों के पास हथियार थे इसलिए हमलोग विरोध नहीं कर पाए क्योंकि गोली मारने की धमकी देने लगे थे।




साइन इन