Pappu Yadav says Rajesh Ram Tariq Anwar are CM candidates gives tension to Tejashwi राजेश राम, तारिक अनवर सीएम कैंडिडेट; राहुल गांधी से मिल पप्पू यादव ने तेजस्वी को दे दी टेंशन, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राजेश राम, तारिक अनवर सीएम कैंडिडेट; राहुल गांधी से मिल पप्पू यादव ने तेजस्वी को दे दी टेंशन

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी के साथ बैठक करने के बाद निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने राजेश राम और तारिक अनवर को बिहार में कांग्रेस से सीएम पद के संभावित उम्मीदवार बता दिया। इससे तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में चिंता बढ़ गई है।

Tue, 15 July 2025 10:07 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
राजेश राम, तारिक अनवर सीएम कैंडिडेट; राहुल गांधी से मिल पप्पू यादव ने तेजस्वी को दे दी टेंशन

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और सांसद तारिक अनवर को महागठबंधन का सीएम कैंडिडेट बताया है। इससे विपक्षी गठबंधन में खलबली मच गई है। पप्पू यादव ने सोमवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बैठक की। निर्दलीय सांसद पप्पू पहली बार बिहार चुनाव पर कांग्रेस की बैठक में शामिल हुए। इस मीटिंग के बाद पूर्णिया सांसद ने कहा कि कांग्रेस से भी कई सीएम उम्मीदवार हैं। इस बयान से राजद के खेमे में बेचैनी देखी जा सकती है, जो तेजस्वी यादव को पहले ही मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर चुकी है।

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी और खरगे के साथ बैठक की। इसमें बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम भी मौजूद रहे। बैठक में आगामी बिहार चुनाव में कांग्रेस पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा हुई। यह भी कहा जा रहा है कि इस दौरान पप्पू यादव ने अलग से राहुल एवं खरगे से बातचीत भी की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राहुल गांधी मेरे नेता; बिहार चुनाव पर कांग्रेस की बैठक में पप्पू यादव हुए शामिल

दिल्ली में हुई इस बैठक से बिहार में सियासी पारा गर्माया हुआ है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस में सीएम पद के चेहरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने राजेश राम और तारिक अनवर का नाम भी ले लिया। उन्होंने कहा कि वह राहुल गांधी की विचारधारा को बिहार के हर घर तक ले जाने की पूरी कोशिश करेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:महागठबंधन में सीट बंटवारे पर पप्पू बोले- जिनकी लोकसभा चुनाव में जमानत जब्त..

पप्पू यादव के इस बयान से तेजस्वी यादव की राजद के खेमे में चिंता बढ़ गई है। राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने मंगलवार को एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि तेजस्वी ही महागठबंधन का चेहरा हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने पप्पू यादव की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनके कहने से कुछ नहीं होता है। यह कांग्रेस का आधिकारिक बयान नहीं है। तिवारी ने कहा कि 2020 में भी महागठबंधन का चेहरा तेजस्वी थे और 2025 में भी रहेंगे। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, खरगे या कांग्रेस के प्रभारी क्या बोल रहे हैं, यह मायने रखता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेजस्वी के तेज से 'झुलसे' पप्पू-कन्हैया, राहुल के मंच पर चढ़ने से दोनों को रोका

पप्पू यादव को राहुल-तेजस्वी के ट्रक में चढ़ने से रोका गया था

पिछले दिनों पटना में महागठबंधन के वोटर लिस्ट रिवीजन के विरोध में हुए चक्का जाम के दौरान पप्पू यादव को राहुल गांधी के ओपन ट्रक में चढ़ने से रोका गया था। उस ट्रक में तेजस्वी यादव भी सवार थे। पप्पू यादव के साथ हुए इस वाकये की सियासी गलियारों में खूब चर्चा हुई। पप्पू के अलावा कांग्रेस के युवा नेता कन्हैया कुमार को भी ओपन ट्रक में नहीं चढ़ने दिया गया था। सत्ताधारी गठबंधन एनडीए के नेताओं ने इसे दोनों का अपमान करार दिया था।

पप्पू यादव के लालू-तेजस्वी परिवार से मतभेद जगजाहिर हैं। पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले पप्पू ने अपनी जन अधिकार पार्टी (जाप) का कांग्रेस में विलय कर दिया था। वे पूर्णिया से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। हालांकि, तेजस्वी यादव ने पूर्णिया सीट कांग्रेस को नहीं दी और बीमा भारती को राजद के सिंबल पर यहां से उतार दिया था। फिर पप्पू यादव निर्दलीय ही चुनावी मैदान में उतरे और पूर्णिया से सांसद बने थे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।