Pappu Yadav Highlights: पप्पू यादव को 31 साल केस में जमानत, लेकिन अभी जेल से रिहा नहीं होंगे
Pappu Yadav Highlights: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक मामले में पटना की अदालत से जमानत मिल गई है। एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट ने उन्हें मंगलवार को आदेश दिया। हालांकि, वे बेऊर जेल से अभी रिहा नहीं होंगे।

Pappu Yadav Highlights: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को जमानत मिल गई है। करीब 3 दशक पुराने एक मामले में अदालत ने उन्हें बेल दी है। हालांकि, वे अभी जेल से रिहा होंगे। शुक्रवार देर रात गिरफ्तारी के दौरान हुए हंगामे के मामले में उनके खिलाफ एक दूसरी एफआईआर दर्ज की गई थी। उस मामले में उन्हें रिमांड पर ले लिया गया है। इस केस की सुनवाई अब बुधवार को होगी। तब तक सांसद पटना के बेऊर जेल में ही रहेंगे।
पिछले सप्ताह हुई गिरफ्तारी के बाद से सांसद पप्पू यादव जेल में हैं। उनकी जमानत याचिका पर सोमवार को ही सुनवाई होनी थी। लेकिन सोमवार को अचानक पटना सिविल कोर्ट में बम रखने जाने की सूचना आई। जिसके बाद वहां अफरातफरी का माहौल हो गया और पुलिस इसकी जांच-पड़ताल में जुट गई थी। पूरे कोर्ट परिसार को खाली करवा कर चेकिंग की गई थी। इससे न्यायिक कार्य भी बाधित हुए थे। इस दौरान पप्पू यादव की याचिका पर भी सुनवाई नहीं हो पाई थी और जेल से बाहर आने के लिए सांसद का इंतजार बढ़ गया था।
Pappu Yadav Highlights-:
15.45 PM - Pappu Yadav LIVE: सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को एमपी-एमएलए विशेष जज से गुहार लगाई कि पुलिस पर उनको भरोसा नहीं है। जेल में इंजेक्शन देकर उनकी हत्या कराई जा सकती है। उन्होंने सादे लिबास में पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई करने पहुंचने पर भी सवाल उठाए।
15.06 PM - Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव को गिरफ्तार करते समय पिछले सप्ताह समर्थकों ने हंगामा किया था, इस पर पुलिस ने सांसद समेत अन्य के खिलाफ अलग से एफआईआर दर्ज की गई थी। अदालत ने इस केस में उन्हें रिमांड पर भेज दिया है। इस कारण पप्पू यादव अभी जेल से रिहा नहीं होंगे। हंगामा मामले में सुनवाई बुधवार को होगी।
14.33 PM - Pappu Yadav LIVE: पटना की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को 31 साल पुराने जमीन कब्जा एवं जालसाजी के मामले में जमानत दे दी है।
14.02 PM - Pappu Yadav LIVE: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के लिए आज का दिन अहम है। एसीजेएम-1 की कोर्ट में कुछ देर में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। पप्पू यादव जेल में रहेंगे या फिर उन्हें राहत मिलेगी इसका फैसला आज होना है। पप्पू यादव के वकीलों द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इधर पटना सिविल कोर्ट में भारी पुलिस बल तैनात है। कोर्ट के अंदर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की बारिकी से जांच की जा रही है।
13.40 PM - Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव की जमानत याचिका पर थोड़ी देर में सुनवाई होगी। पटना सिविल कोर्ट में गहमागहमी का माहौल है। कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है।
13.20 PM - Pappu Yadav LIVE: पटना सिविल कोर्ट पहुंचने के बाद अब से बस थोड़ी देर बाद सांसद पप्पू यादव को एसीजेएम-1 के सामने पेश किया जाएगा। पेशी से पहले अभी पप्पू यादव को कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा घेरे के बीच रखा गया है। पप्पू यादव के वकील ने उम्मीद जताई है कि सांसद को आज अदालत से जमानत मिल जाएगी।
13.15 PM - Pappu Yadav LIVE: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पटना के सिविल कोर्ट में लाया गया है। बताया जा रहा है कि दोपहर 2 बजे पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई हो सकती है।
12.35 PM - Pappu Yadav LIVE: पटना दीवानी अदालत परिसर को सोमवार को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस ने गहन तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक महीने में बम की धमकी की यह दूसरी घटना है। एहतियातन अदालत का कामकाज पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया, जिसके कारण अन्य मामलों के साथ-साथ निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की जमानत अर्जी पर भी सुनवाई नहीं हो सकी।
यादव के वकील शिवनंदन भारती ने संवाददाताओं से कहा, ''हमें बताया गया है कि जिला न्यायाधीश के ईमेल पर बम की धमकी मिली है। इसके कारण सांसद की जमानत अर्जी पर अब कल से पहले सुनवाई नहीं हो सकेगी। मेरे मुवक्किल को एक और दिन जेल में बिताना होगा।'' पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पप्पू यादव को तीन दशक पुराने जालसाजी के एक मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।
12.15 PM - Pappu Yadav LIVE: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पप्पू यादव के प्रति एकजुटता प्रकट की थी और आरोप लगाया था कि भाजपा एवं उसके सहयोगी दल अत्याचार के साथ खड़े हुए हैं। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया था कि पटना के हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ बलात्कार और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। यह मामला सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक है। प्रियंका ने कहा था कि प्राथमिकी दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक सबकुछ संदिग्ध बना दिया गया है। यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है?
12.04 PM - Pappu Yadav LIVE: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए शनिवार को कहा था कि बिहार में नीट आकांक्षी की मौत के मामले में इंसाफ की आवाज उठाने पर उन्हें डराया और धमकाया जा रहा है। पटना पुलिस ने 35 साल पुराने एक मामले में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार किया था।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया था, ''पटना में नीट की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर व्यवस्था की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है।''उन्होंने दावा किया कि पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना भाजपा-राजग मॉडल सामने आ गया कि मामले को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो।
11.39 AM - Pappu Yadav LIVE: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को थोड़ी देर में कोर्ट लाया जा सकता है। पप्पू यादव बेऊर जेल में बंद हैं। पप्पू यादव की जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई होनी है। सुनवाई को लेकर अदालत और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
11.20 AM - Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव की ओर से पेश हुए अधिवक्ता शिवनंदन भारती ने इससे पहले अदालत में कहा था कि उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। हालांकि जेल भेजने के बजाय अदालत ने आदेश दिया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच में रखा जाए। अधिवक्ता ने दावा किया था कि पप्पू यादव ने स्वेच्छा से गिरफ्तारी दी थी, लेकिन पुलिस के काम में बाधा डालने का एक "झूठा मामला" उनके खिलाफ दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा था कि उनकी जमानत जुलाई 2025 में रद्द हो गई थी और तब से उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी था। पुलिस चाहती तो उसी दिन उन्हें गिरफ्तार कर सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया। वे मौके का इंतजार कर रहे थे और अब उन्हें इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि वह बिहार में महत्वपूर्ण मुद्दे उठा रहे थे।
10.58 AM - Pappu Yadav LIVE: पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना के मंदिरी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। उनके खिलाफ सांसद/विधायक अदालत द्वारा भारतीय दंड संहिता की धारा 467 (दस्तावेजों की जालसाजी) के तहत दर्ज मामले में वारंट जारी किया गया था। पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले यादव ने शुरू में पुलिस की टीम के साथ जाने से इनकार कर दिया था। उनका कहना था कि पुलिस के पास संपत्ति कुर्की का वारंट है, गिरफ्तारी का नहीं। हालांकि बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया गया था।
10.41 AM - Pappu Yadav LIVE: बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को वर्ष 1995 के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद शनिवार को पटना की एक अदालत ने दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने कहा था कि उनकी जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होगी और तब तक उन्हें इलाज के लिए पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में रखा जाएगा। हालांकि, सोमवार को सांसद की याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी थी।
10.21 AM - Pappu Yadav LIVE: धोखाधड़ी पूर्वक मकान किराया पर लेने और धमकी देने के मामले में पटना की एक विशेष अदालत ने शनिवार को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को न्यायिक हिरासत में लेने के बाद इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया था। पटना पुलिस ने अदालत से जारी वारंट और कुर्की जप्ती आदेश के बाद पप्पू यादव को सांसदों एवं विधायकों के आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत के न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय के समक्ष पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल से लाकर पेश किया था। गिरफ्तारी के बाद तबीयत खराब होने की स्थिति में पप्पू यादव को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया था। अदालत ने पप्पू यादव को न्यायिक हिरासत में लेने के बाद वापस इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजे जाने का आदेश दिया था।
10.15 AM - Pappu Yadav LIVE: सांसद पप्पू यादव पर यह मामला वर्ष 1995 का है। आरोप के अनुसार शैलेंद्र प्रसाद नामक एक व्यक्ति ने शिकायतकर्ता का मकान किराए पर लिया। बाद में पता चला कि वह मकान पप्पू यादव ने धोखाधड़ी पूर्वक अपना कार्यालय चलाने के लिए लिया था। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में गर्दनीबाग थाना में प्राथमिकी संख्या 552/ 1995 दर्ज कराई थी। मामले में लगातार अनुपस्थिति के कारण अदालत ने पूर्व में पप्पू यादव समेत इस मामले के तीन अभियुक्तों के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट और इश्तेहार जारी किया था , जिसके बाद तीन फरवरी 2026 को कुर्की जप्ती का आदेश भी जारी किया गया था।
9.47 AM - Pappu Yadav LIVE: पटना सिविल कोर्ट परिसर में सोमवार को बम होने की धमकी और वकीलों द्वारा न्यायिक कार्य नहीं करने से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की नियमित जमानत समेत किसी भी मुकदमे की सुनवाई नहीं हुई।
नवादा जिले के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिल्पी सोनी की संदिग्ध मौत की न्यायिक जांच की मांग को लेकर सिविल कोर्ट के वकीलों ने न्यायिक कार्य नहीं करने की घोषणा की थी। तीन एनआईए की विशेष अदालत, सीबीआई की चार विशेष अदालत, निगरानी की विशेष अदालत, प्रधान न्यायाधीश की अदालत, सिविल मुकदमों समेत किसी भी कोर्ट में किसी मुकदमे पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
9.36 AM - Pappu Yadav LIVE: पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पप्पू यादव को तीन दशक पुराने जालसाजी के एक मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। कांग्रेस ने उनके समर्थन में आवाज उठाई है। पार्टी नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने आरोप लगाया है कि बिहार की नीतीश कुमार सरकार, नीट अभ्यर्थी की मौत की जांच को लेकर यादव द्वारा की जा रही आलोचना के कारण उन्हें निशाना बना रही है।




साइन इन