डॉक्टर के सामने बैठाकर पूछताछ से भड़के नीट छात्रा के मामा, बोले- सीबीआई पर भी भरोसा नहीं
नीट छात्रा के मामा ने कहा कि जो डॉक्टर शुरू से परिवार वालों पर ही मारने का आरोप लगाता है, उसके सामने हम कैसे रह पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना पुलिस की तरह सीबीआई भी इस केस में कुछ नहीं कर रही है। उन्हें सीबीआई जांच पर भरोसा नहीं है।

बिहार के जहानाबाद की नीट छात्रा से दरिंदगी और मौत के मामले की जांच कर रही सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने शनिवार को पीड़िता के मामा एवं पटना के निजी अस्पताल के डॉक्टर सतीश को बुला कर उनसे पूछताछ की। पटना स्थित सीबीआई कार्यालय में दोनों को आमने-सामने बैठाकर विवादित बिंदुओं पर उनका पक्ष जाना गया। सीबीआई ने इस पूछताछ का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है। लेकिन, सूत्रों के मुताबिक, कांड की नई जांच पदाधिकारी डीएसपी विभा कुमारी ने पड़ताल को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट करने के लिहाज से दोनों से लंबी पूछताछ की।
पूछताछ के बाद सीबीआई कार्यालय से बाहर निकले छात्रा के मामा सीबीआई जांच के तरीके से काफी नाराज दिखे और उसके रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस या सीबीआई की जांच पर उन्हें भरोसा नहीं रह गया है। जो डॉक्टर शुरू से ही पुलिस के सामने परिवार वालों पर ही मारने का आरोप लगाता रहा है, उसके सामने हम किस तरह रह पाएंगे।
छात्रा के मामा ने आरोप लगाया कि पटना पुलिस ने जांच में कुछ नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक सीबीआई ने भी क्या किया है? पुराने आईओ पवन श्रीवास्तव ने ऐसी जांच की, जिन्होंने केस में पॉक्सो एक्ट की धारा लगाना भी उचित नहीं समझा। पीड़िता के मामा ने कहा कि उन्होंने कभी जांच एजेंसी या सीबीआई के आईओ को बदलने की मांग नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच को धीमा करने और गलत दिशा में ले जाने को यह सब हो रहा है।
पटना के हॉस्टल में बेहोश मिली थी नीट छात्रा, अस्पताल में मौत
जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। बीते 6 जनवरी को वह अपने कमरे में बेहोश मिली थी। फिर 5 दिन निजी अस्पताल में इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया था। शुरुआत में पटना पुलिस ने इसे सुसाइड का केस बताया। परिजन ने रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की बात सामने आई तो पटना पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू कर दी। छात्रा के परिजन पुलिस जांच पर लगातार सवाल उठाते रहे। इसके बाद केस सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया गया। सीबीआई इस पहलू की जांच कर रही है कि छात्रा के साथ मौत से पहले क्या हुआ था। हालांकि, परिजन सीबीआई जांच से भी नाखुश नजर आ रहे हैं।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो की रिपोर्ट के आधार पर)




साइन इन