नीतीश ने कहा- आगे जाएगा, अमित शाह बोले- बड़ा आदमी; कल से सीएम सम्राट बिहार के चौधरी
बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में चयनित किए गए सम्राट चौधरी के बारे में नीतीश कुमार ने कहा था कि यह बहुत आगे जाएगा। वहीं, अमित शाह ने कहा था कि सम्राट चौधरी को नरेंद्र मोदी बड़ा आदमी बनाएंगे।

सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए हैं। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद उन्हें एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है। नीतीश के राज्यसभा जाने के ऐलान के बाद से ही सम्राट के सीएम बनने की अटकलें चल रही थीं। पिछले महीने समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश भी सम्राट के कंधे पर हाथ रखकर इसका इशारा कर रहे थे। इससे पहले नीतीश ने अपनी सरकार में डिप्टी सीएम रहे सम्राट चौधरी के पिता से कहा था कि यह बहुत आगे जाएगा। वहीं, पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में सम्राट चौधरी के लिए वोट मांगने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि इन्हें बहुत बड़ा आदमी बनाएंगे।
इसी साल जनवरी महीने में सम्राट चौधरी के पटना के देशरत्न मार्ग स्थित सरकारी आवास पर उनके पिता शकुनी चौधरी जन्मदिन मनाया गया था। इसमें नीतीश कुमार भी पहुंचे थे। नीतीश ने शकुनी चौधरी से कहा था कि सम्राट चौधरी अच्छा लड़का हैं। मेहनत करता है और बहुत आगे जाएगा। पिता के सामने अपनी तारीफ सुनकर सम्राट मुस्कुराने भी लगे थे।
अमित शाह ने कहा था बड़ा आदमी बनाएंगे
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा ने एमएलसी रहे सम्राट चौधरी को मुंगेर जिले के तारापुर सीट से टिकट दिया था। उनके लिए वोट मांगने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे थे। भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए शाह ने तारापुर की जनता से कहा था कि सम्राट को प्रचंड बहुमत से जिताइए, सम्राट को मोदी बड़ा आदमी बनाएंगे।
इस चुनाव में जब एनडीए की प्रचंड जीत हुई। सम्राट भी तारापुर से 45 हजार वोटों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज करते हुए विधानसभा पहुंचे। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार में सम्राट चौधरी को दोबारा डिप्टी सीएम बनाया गया। खास बात यह रही कि नीतीश ने पहली बार गृह विभाग छोड़कर भाजपा को दे दिया और सम्राट गृह मंत्री बने। राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने की पूरी कमान उनके हाथ आ गई।
आरजेडी से राजनीति की शुरुआत, जदयू में भी रहे सम्राट
सम्राट चौधरी ने लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल से राजनीति की शुरुआत की थी। 2000 में वे पहली बार आरजेडी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। बाद में उन्होंने आरजेडी छोड़कर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू में आए। फिर 2018 में भाजपा में अपना करियर शुरू किया। भाजपा में आकर सम्राट ने संगठन पर पकड़ बनाई। 2022 में उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। 2024 में पहली बार डिप्टी सीएम बनाए गए। अब 2026 में वे बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।




साइन इन