Celebrations in Samrat Chaudhary Village Upon he named a as Bihar Chief Minister Family Members Arriving Patna लखनपुर में होली, मुंगेर में दिवाली; सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर तारापुर में जश्न, Bihar Hindi News - Hindustan
More

लखनपुर में होली, मुंगेर में दिवाली; सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर तारापुर में जश्न

बिहार का अगला मुख्यमंत्री चुने जाने पर सम्राट चौधरी के तारापुर स्थित लखनपुर गांव में जश्न का माहौल है। तारापुर से मुंगेर तक सम्राट के समर्थक पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर खुशी जता रहे हैं। होली और दिवाली जैसा माहौल है।

Tue, 14 April 2026 06:48 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज संवाददता, तारापुर/मुंगेर
share
लखनपुर में होली, मुंगेर में दिवाली; सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर तारापुर में जश्न

सम्राट चौधरी को बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने के बाद उनके पैतृक गांव लखनपुर से लेकर तारापुर विधानसभा और मुंगेर शहर तक में जश्न का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे "सम्राट चौधरी के कार्यों की जीत" बताया। लोगों का कहना है कि तारापुर और मुंगेर के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उनके क्षेत्र के विधायक बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

तारापुर विधानसभा के भाजपा विधायक सम्राट चौधरी के सूबे का मुख्यमंत्री बनाए जाने का मार्ग प्रशस्त होते ही लखनपुर गांव स्थित उनके आवास के समीप जश्न का माहौल बन गया। इस खबर से उत्साहित आसपास के गोतिया (रिश्तेदार) एवं ग्रामीणों की टोली उनके घर के पास एकत्रित होकर खुशी का इजहार करने लगी। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और जमकर जश्न मनाया।

जश्न में शामिल लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की राह पर तेज गति से आगे बढ़ेगा। युवाओं के रोजगार के लिए नए कल-कारखाने स्थापित होंगे, अपराध पर सख्त नियंत्रण लगेगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

सम्राट चौधरी के गांव में जश्न

मुंगेर जिले से पहली बार कोई सीएम

ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार मुंगेर जिले के किसी व्यक्ति का मुख्यमंत्री पद तक पहुंचना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने का श्रेय उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया। लोगों ने यह भी याद दिलाया कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान असरगंज में भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने तारापुर की जनता से वादा किया था कि यदि वे सम्राट चौधरी को भारी बहुमत से जिताते हैं, तो उन्हें और बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी।

जनता ने इस वादे का सम्मान करते हुए सम्राट चौधरी को लगभग 45 हजार मतों के अंतर से विजयी बनाया, जो तारापुर के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। गौरतलब है कि सम्राट चौधरी ने अपने पिता शकुनी चौधरी के 35 हजार मतों के अंतर से जीत के रिकॉर्ड को भी पार कर लिया। इससे उन्होंने अपने परिवार के राजनीतिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में चहुंमुखी विकास होगा और मजदूरों का पलायन रुकेगा। सम्राट के मुख्यमंत्री बनाये जाने से अधर में लटके सुल्तानगंज - देवघर रेल लाइन निर्माण में भी तेजी आने की संभावना व्यक्त की है।

मुंगेर में निकाला गया विजय जुलूस

बिहार की सियासत में हुए बड़े उलटफेर के बाद एनडीए की नई सरकार के गठन और तारापुर विधायक सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा से मुंगेर में भाजपा व एनडीए कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार को लल्लू पोखर स्थित मुंगेर विधायक कुमार प्रणय के कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान भाजपाइयों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और मिठाई खिलाकर बधाई दी।

विधायक कार्यालय से शुरू हुआ जश्न विजय जुलूस के रूप में पूरे शहर में भ्रमण के लिए निकला। कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल चौक और अटल बिहारी वाजपेयी चौक पर रुककर राहगीरों के बीच मिठाइयां बांटीं और आतिशबाजी की। ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते कार्यकर्ताओं ने 'सम्राट चौधरी जिंदाबाद' और 'एनडीए गठबंधन जिंदाबाद' के गगनभेदी नारे लगाए। जश्न के दौरान पूरे शहर का माहौल उत्सवपूर्ण बना रहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के सपनों को पूरा करने का अवसर, नई ऊंचाई पर ले जाने को समर्पित: सम्राट
Samrat Choudhary Munger
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लालू की 'पाठशाला' से निकले सम्राट अब बिहार के 'सरताज', फर्श से अर्श तक की कहानी

भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए सम्राट चौधरी

पटना में मंगलवार दोपहर बाद हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया। इसके बाद साफ हो गया कि बिहार का अगला सीएम सम्राट ही होंगे। अब एनडीए विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना जाएगा। इसके बाद सम्राट नई सरकार बनाने का दावा राज्यपाल के सामने पेश करेंगे। फिर बुधवार को उनका शपथ ग्रहण प्रस्तावित है।

नीतीश की जगह लेंगे सम्राट

सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार की जगह लेंगे। नीतीश ने मंगलवार को हुई अपने पद से इस्तीफा दिया। नीतीश लगभग 20 सालों से बिहार के मुख्यमंत्री रहे। अब वे राज्यसभा चले गए हैं। इसके बाद बिहार में भाजपा के पहले सीएम के रूप में सम्राट के नाम का ऐलान किया गया।

(तारापुर से राहुल कुमार की रिपोर्ट)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सम्राट की कैबिनेट में भाजपा, जदयू, LJP, हम, RLM से कौन-कौन मंत्री? संभावित सूची
ये भी पढ़ें:सम्राट चौधरी सीएम बनेंगे, भाजपा के पहले मुख्यमंत्री का ऐलान; नीतीश की जगह लेंगे
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।