Nitish Kumar to start Bihar Yatra just after Dahi Chura Sankranti may delay in cabinet expansion दही-चूड़ा के तुरंत बाद बिहार यात्रा पर निकलेंगे नीतीश कुमार, कैबिनेट विस्तार में होगी देरी?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

दही-चूड़ा के तुरंत बाद बिहार यात्रा पर निकलेंगे नीतीश कुमार, कैबिनेट विस्तार में होगी देरी?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मकर संक्रांति के बाद 16 जनवरी से बिहार यात्रा पर निकलने की संभावना है। बिहार में खरमास के बाद कैबिनेट विस्तार होने की भी चर्चा है। ऐसे में सीएम की बिहार यात्रा के चलते इसमें देरी हो सकती है।

Fri, 9 Jan 2026 08:36 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
दही-चूड़ा के तुरंत बाद बिहार यात्रा पर निकलेंगे नीतीश कुमार, कैबिनेट विस्तार में होगी देरी?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा भोज के तुरंत बाद बिहार यात्रा पर निकलेंगे। सीएम के 16 जनवरी से यात्रा पर निकलने की संभावना है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन जिलों को मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर निर्देश दे दिए गए हैं। जिला स्तर पर इसकी तैयारी भी शुरू हो गई है। नीतीश की बिहार यात्रा को देखते हुए कैबिनेट विस्तार में देरी हो सकती है। राज्य मंत्रिपरिषद में अभी 10 पद खाली हैं।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खरमास खत्म होते ही बिहार यात्रा पर निकलेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद नई सरकार के गठन के बाद उनकी यह पहली यात्रा होगी। इस दौरान वे एक साल पहले निकाली गई प्रगति यात्रा में की गई घोषणाओं और शुरू किए गए विकास कार्यों का जायजा लेंगे। साथ ही हालिया चुनाव में एनडीए को प्रचंड बहुमत के लिए जनता का आभार भी जताएंगे। यात्रा के दौरान वे जीविका दीदियों से संवाद कर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का जायजा भी ले सकते हैं।

कैबिनेट विस्तार की चर्चा, लेकिन सीएम की यात्रा से हो सकती है देरी

बिहार में खरमास के बाद नीतीश कैबिनेट का विस्तार होने की चर्चा है। हालांकि, सीएम की बिहार यात्रा के चलते इसमें देरी हो सकती है। दरअसल, नवंबर 2025 में नई सरकार के गठन के दौरान सीएम समेत 27 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इनमें से नितिन नवीन ने भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। राज्य में अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में अभी 10 पद खाली हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:CM नीतीश फिर घूमेंगे बिहार; प्रगति यात्रा की योजनाओं की करेंगे पड़ताल

सियासी गलियारों में चर्चा उठती रही है कि बाकी बचे पदों को खरमास के बाद कैबिनेट विस्तार करके भर दिया जाएगा। नीतीश कैबिनेट में अभी भाजपा कोटे से सर्वाधिक 13, जदयू के 9, लोजपा-आर के 2 और RLM एवं HAM के 1-1 मंत्री हैं। कैबिनेट विस्तार में जेडीयू से 6, भाजपा से 3 और चिराग पासवान की लोजपा-आर से एक मंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, मंत्रिपरिषद का विस्तार कब होगा, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।