बिहार में नई सरकार पर नीतीश कुमार ने बढ़ाया सस्पेंस, 'पसंद का मुख्यमंत्री' वाला सवाल टाल गए सीएम
बिहार में एनडीए की नई सरकार और नए मुख्यमंत्री को लेकर नीतीश कुमार ने सस्पेंस बढ़ा दिया है। दिल्ली में पत्रकारों ने जब नीतीश से पूछा गया कि क्या अगला मुख्यमंत्री उनकी पसंद से होगा, तो उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया।

Bihar New CM: बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर नीतीश कुमार ने सस्पेंस बढ़ा दिया है। नीतीश कुमार लगभग दो दशक के बाद बिहार के मुख्यमंत्री का पद छोड़ने जा रहे हैं। वह गुरुवार को दिल्ली पहुंचे और शुक्रवार को उनका राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण होगा। दिल्ली में मीडिया से बातचीत में उन्होंने खुद कह दिया कि 3-4 दिनों में पटना लौटकर वह मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा, क्या नया सीएम उनकी पसंद से बनेगा, तो उन्होंने इस सवाल को टाल दिया।
नीतीश कुमार गुरुवार दोपहर को पटना से दिल्ली रवाना हुए। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया के सवालों से दूरी बनाए रखी। हालांकि, जब वह अपने आवास पर पहुंचे तो बहुत थोड़ी देर के लिए उन्होंने मीडिया से संवाद किया। इस दौरान पत्रकार नीतीश पर एक के बाद एक सवाल दागने लगे।
नीतीश ने उनसे कहा कि वह शुक्रवार को राज्यसभा की शपथ लेने वाले हैं। यह पहले ही तय कर दिया था। बिहार में 20 साल तक बहुत काम किया। अब यहां (दिल्ली) रहेंगे और काम करेंगे। इसी बीच जब पत्रकारों ने उनसे नई सरकार के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि 3-4 दिनों में यहां से लौटने के बाद कर देंगे। हालांकि, उनके बाद अगला मुख्यमंत्री कौन और किस पार्टी से होगा, इस सवाल का उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
दिल्ली आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान नीतीश के साथ जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद थे। नए सीएम के प्रश्न पर झा ने भी पत्रकारों से सवाल-जवाब खत्म करने को कह दिया। इससे बिहार के नए मुखिया को लेकर संशय अभी बरकरार है।
भाजपा से होगा सीएम, लेकिन कौन? इस पर अटकलबाजी तेज
बिहार का अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से होगा, यह तय है। मगर कौन सीएम बनेगा, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। भाजपा में सीएम पद के लिए कई नाम रेस में चल रहे हैं। इसमें नीतीश के डिप्टी सम्राट चौधरी का नाम सबसे प्रमुख है। सम्राट अभी सरकार का सबसे अहम माने जाने वाला गृह मंत्रालय संभाल रहे हैं, जो लंबे समय तक नीतीश के पास था। साथ ही, वह कुशवाहा जाति से आते हैं जो नीतीश के लव-कुश समीकरण (कुर्मी-कोइरी) में भी फिट बैठते हैं।
वहीं, भाजपा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मंत्री दिलीप जायसवाल, विधायक संजीव चौरसिया, पूर्व मंत्री जनक राम, पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी का नाम भी रेस में चल रहा है। दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पहले ही खुद को इस रेस से साइड कर चुके हैं। भाजपा ने भी दिल्ली में शुक्रवार को अहम बैठक बुलाई है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा के अलावा बिहार में पार्टी के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में यह बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होने की पूरी संभावना है। अब भाजपा रेस में चल रहे इनमें से किसी नेता को सीएम की कुर्सी पर बैठाती है, या फिर कोई नया चेहरा लाकर सबको चौंकाती है, यह देखना दिलचस्प होगा।




साइन इन