Nitish Kumar Rajya Sabha MP from today New CM countdown begins Bihar BJP core team meeting Delhi नीतीश आज से सांसद; नए सीएम का काउंटडाउन शुरू, दिल्ली में बिहार भाजपा कोर टीम की बैठक, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीतीश आज से सांसद; नए सीएम का काउंटडाउन शुरू, दिल्ली में बिहार भाजपा कोर टीम की बैठक

नीतीश कुमार आज से सांसद हो जाएंगे। दोपहर में वे राज्यसभा सदस्य की शपथ लेंगे। वहीं, बिहार में नए मुख्यमंत्री का काउंटडाउन शुरू हो गया है। नए सीएम के नाम और नई सरकार के गठन पर चर्चा के लिए दिल्ली में बिहार भाजपा कोर टीम की अहम बैठक है, जिस पर भी सभी की निगाहें रहने वाली हैं।

Fri, 10 April 2026 12:23 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
नीतीश आज से सांसद; नए सीएम का काउंटडाउन शुरू, दिल्ली में बिहार भाजपा कोर टीम की बैठक

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज से नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। वह शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके साथ ही बिहार में 20 सालों के बाद सियासी तस्वीर भी बदल जाएगी। राज्य में एनडीए की नई सरकार के गठन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। नए सीएम के नाम पर मंथन के लिए बिहार भाजपा कोर टीम की बैठक भी शुक्रवार को दिल्ली में होने जा रही है। वहीं, माना जा रहा है कि राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद नीतीश की मुलाकात भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शीर्ष नेतृत्व से होगी। इसमें नई सरकार एवं नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा होगी।

नीतीश कुमार अपने लंबे राजनीतिक करियर में 6 बार लोकसभा सांसद और केंद्र सरकार के कई अहम महकमों में मंत्री रह चुके हैं। साल 2005 में उनके नेतृत्व में बिहार में एनडीए की सरकार बनी तो उनकी राजनीति दिल्ली से बिहार शिफ्ट हो गई थी। अब नीतीश फिर से केंद्र की राजनीति में लौट रहे हैं और बिहार में सत्ता की कमान नए हाथों में होगी।

नीतीश कुमार दिल्ली से पटना लौटने के बाद अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप देंगे। 14 अप्रैल तक नीतीश कुमार का इस्तीफा और 16 अप्रैल तक राज्य में नई सरकार के गठन की संभावना है। गुरुवार दोपहर दिल्ली पहुंचने पर नीतीश ने कहा भी कि कल (राज्यसभा) सदस्यता ले लेंगे। यहां (दिल्ली) से जाने के तीन-चार दिन बाद (सीएम पद से) इस्तीफा कर देंगे। नए लोगों को (सरकार की कमान) सौंप देंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में नई सरकार पर नीतीश ने बढ़ाया सस्पेंस, ‘पसंद का सीएम’ वाला सवाल टाल गए

अगला सीएम भाजपा का, कौन यह जल्द तय होगा

यह तय है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा। पर, कौन सीएम बनेंगे यह अभी तय नहीं है। चर्चा में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केन्द्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय, राज्य में मंत्री दिलीप जायसवाल, विधायक संजीव चौरसिया, पूर्व मंत्री जनक राम और पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के नाम हैं।

देखना दिलचस्प होगा कि इनमें से कोई नाम तय होता है या कोई नया नाम भाजपा सामने रखती है। शुक्रवार को इसको लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में दिल्ली में बैठक होगी, जिसमें बिहार भाजपा के आधा दर्जन शीर्ष नेता शामिल होंगे। इस बैठक में शामिल होने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी आदि गुरुवार शाम ही दिल्ली पहुंच गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश खेल जाते ये पारी तो बनता रिकॉर्ड, 8वें नंबर पर ही रह गए बिहार सीएम

पांच में से दो आज, तीन नेता 16 को लेंगे राज्यसभा की शपथ

बिहार से राज्यसभा के लिए चुने गए पांच एनडीए नेताओं में से तीन नवनिर्वाचित सांसद चलते सत्र के दौरान 16 अप्रैल को शपथ लेंगे। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, इसी दल के शिवेश कुमार और रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। शुक्रवार को नीतीश कुमार भाजपा एवं जदयू समेत एनडीए नेताओं की मौजूदगी में राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके साथ जदयू के रामनाथ ठाकुर भी तीसरी बार राज्यसभा की सदस्यता लेंगे। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के अनुसार दोपहर 12:15 बजे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन उन्हें संसद में शपथ दिलाएंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में 14-15 अप्रैल से भाजपा सीएम! शपथ के लिए गांधी मैदान खाली रखने कहा गया
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।