Nitish Kumar lashes out at Rabri Devi CM furious at opposition in both houses पूरा घाय-खाय है; नीतीश ने राबड़ी देवी को लपेटा; दोनों सदनों में विपक्ष पर जमकर उखड़े सीएम, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पूरा घाय-खाय है; नीतीश ने राबड़ी देवी को लपेटा; दोनों सदनों में विपक्ष पर जमकर उखड़े सीएम

वोटर लिस्ट रिवीजन पर बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों में विपक्ष के भारी हंगामे के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिफर गए। उन्होंने विपक्षी सदस्यों के काले कपड़े पहनकर आने पर आपत्ति जताई। विधान परिषद में राबड़ी देवी को भी आड़े हाथों लिया।

Fri, 25 July 2025 12:11 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
पूरा घाय-खाय है; नीतीश ने राबड़ी देवी को लपेटा; दोनों सदनों में विपक्ष पर जमकर उखड़े सीएम

बिहार विधान मंडल में मॉनसून सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को विपक्ष ने वोटर लिस्ट रिवीजन के मुद्दे पर जमकर हंगामा किया। इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिफर गए। उन्होंने विधानसभा और विधान परिषद, दोनों सदनों में हंगामा कर रहे राजद-कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों को जमकर सुनाया। विधान परिषद में हाय-हाय के नारे लगा रहे सदस्यों को सीएम ने कहा- सब पूरा घाय-खाय है। उनके काले कपड़े पहनकर सदन में आने पर सीएम ने आपत्ति जताई। साथ ही विपक्ष की लीडर राबड़ी देवी को भी उन्होंने निशाने पर लिया।

सीएम नीतीश कुमार ने विधान परिषद में कहा कि सभी विपक्षी दलों के सदस्यों ने काले कपड़े पहने हैं। पहले ये कभी नहीं पहनते थे। सीएम ने राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनके कहने पर ही सभी ने एक जैसे कपड़े पहने हैं। इस पर राबड़ी ने कहा कि बिहार की जनता को जवाब दीजिए। इसके बाद सीएम ने कहा कि जब सुनना चाहिए, तब सुनते नहीं हैं। एक-एक बात सुनें और अपनी बात रखें। फिर भी शोर-शराबा खत्म नहीं हुआ तो सभापति ने विधान परिषद की कार्यवाही लंच टाइम तक स्थगित कर दी।

विधानसभा में भी बिफरे नीतीश

इससे पहले विधानसभा में भी वेल में आकर नारेबाजी कर रहे विपक्षी सदस्यों को मुख्यमंत्री ने जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि हमने बहुत काम किया है और इसका कितना फायदा हो रहा है। उन्होंने आश्चर्य जताया कि विपक्ष कभी काले कपड़े पहनकर एक साथ नहीं आता था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LIVE: विपक्ष के हंगामे पर बिफरे नीतीश, विधानमंडल के दोनों सदन लंच तक स्थगित

सीएम ने कहा, "ये लोग लगातार इस सत्र में काला कपड़ा पहनकर आए हैं। पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। पहले एक या दो दिन ही हंगामा होता था। हमने कितना काम किया है। लोगों को लाभ हो रहा है।" विपक्षी विधायकों के हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही महज 5 मिनट ही चल पाई और स्पीकर नंद किशोर यादव ने सदन को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।