Bihar Vidhan Sabha: हंगामे की भेंट चढ़ा मॉनसून सत्र, 17वीं विधानसभा के अंतिम सत्र का समापन Bihar Vidhan Sabha monsoon session last day Nitish Samrat Vijay Sinha Tejashwi Voter List Revision RJD BJP JDU - bihar news
More
Hindi NewsबिहारBihar Vidhan Sabha: हंगामे की भेंट चढ़ा मॉनसून सत्र, 17वीं विधानसभा के अंतिम सत्र का समापन

Bihar Vidhan Sabha: हंगामे की भेंट चढ़ा मॉनसून सत्र, 17वीं विधानसभा के अंतिम सत्र का समापन

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानमंडल का मॉनसून सत्र हंगामे की भेंट चढ़ गया। विधानसभा और विधान परिषद में पक्ष और विपक्ष के बीच वोटर लिस्ट रिवीजन के मुद्दे पर भारी हंगामा हुआ। हालांकि इस बीच कुछ विधेयक भी पास हुए। 5 दिन का सत्र 17वीं विधानसभा का आखिरी सेशन था।

Bihar Vidhan Sabha: हंगामे की भेंट चढ़ा मॉनसून सत्र, 17वीं विधानसभा के अंतिम सत्र का समापन

विधानसभा में विपक्षी विधायकों के हंगामे पर बिफरते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

Jayesh Jetawat| लाइव हिन्दुस्तान,पटना | Fri, 25 Jul 2025 08:39 PM
हमें फॉलो करें

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानमंडल का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। पांच दिन के इस सत्र में वोटर लिस्ट रिवीजन के विरोध में विपक्ष ने खूब हंगामा किया। आरजेडी विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे। वहीं, राजद पर सदन में जंगलराज लाने का आरोप लगाकर जेडीयू और बीजेपी के विधायक हेलमेट लगाकर विधानसभा आए। हंगामे के बीच कुछ विधेयक भी पास हुए। बता दें कि यह मौजूदा सरकार का विदाई सत्र है। इसके बाद नेता सीधे चुनावी मैदान में उतरेंगे। फिर नवंबर में नई सरकार के गठन के बाद विधानसभा का सत्र चलेगा।

25 Jul 2025, 02:45:46 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

बिहार विधानसभा के मॉनसून का समापन हो गया है। आखिरी दिन विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। 17वीं विधानसभा का यह अंतिम सत्र था। बिहार गीत के साथ कार्यवाही संपन्न हुई।

25 Jul 2025, 02:26:37 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

बिहार विधान परिषद में विपक्ष के वेल में आकर नारेबाजी किये जाने के बीच 57,946 करोड़ रुपये का बिहार विनियोग (संख्या-3) विधेयक,2025 पारित कर दिया गया। इस विधेयक को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पेश किया। इसके पूर्व विपक्षी सदस्य वेल में आकर बिहार में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को वापस लेने की मांग को लेकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। सभापति अवधेश नारायण सिंह ने मानसून सत्र के अंतिम दिन होने और विपक्षी सदस्यों को सीट पर जाने को कहा लेकिन वे नहीं माने। सभापति ने इस सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही के संचालन को लेकर मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री सहित सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया। सदन की कार्यवाही मात्र 13 मिनट 43 सेकेंड में अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

25 Jul 2025, 02:10:25 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा ढाई बजे तक स्थगित

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में मॉनसून सत्र के आखिरी दिन दूसरी पाली में भी विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। कुछ मिनट चलने के बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। सुबह भी पहली पाली में सिर्फ 5 मिनट सदन चल पाया था।

25 Jul 2025, 02:03:09 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा की कार्यवाही फिर शुरू

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही लंच के बाद फिर से शुरू हो गई है। सुबह पहली पाली में विपक्ष के हंगामे के चलते 5 मिनट ही सदन चल पाया था।

25 Jul 2025, 01:15:38 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: तेजस्वी ने नीतीश का वीडियो ट्वीट किया

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष पर जमकर बरसे। अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम के सदन में संबोधन का वीडियो ट्वीट किया है। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा, "ईश्वर से प्रार्थना है कि मुख्यमंत्री पूर्व की भांति सचेत और स्वस्थ अवस्था में रहें।"

25 Jul 2025, 12:50:28 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: भाई वीरेंद्र बोले- बीजेपी का गुंडाराज है

Bihar Vidhan Sabha LIVE: आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने सत्ताधारी दल के नेताओं पर गुंडई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह कल बीजेपी के विधायक सदन में माइक तोड़कर हमारी तरफ दौड़ थे। अगर हम बीच-बचाव नहीं करते तो सिर फट सकता था, चोट लग सकती थी। यह बीजेपी का गुंडाराज है।

25 Jul 2025, 12:43:48 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: सम्राट चौधरी गुंडई करते थे, राबड़ी देवी का आरोप

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद परिसर में मीडिया से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सम्राट पटना के बोरिंग रोड पर साल 2014 से पहले गुंडई करते थे। उन पर छेड़खानी का आरोप भी लगा था।

25 Jul 2025, 12:35:30 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: नल-जल की माला टांगकर पहुंचे राजद विधायक

Bihar Vidhan Sabha LIVE: राजद के विधायक मुकेश कुमार एक अनोखे अंदाज में सदन में पहुंचे। उन्होंने अपने पूरे शरीर पर “नल-जल” योजना से जुड़ा माला पहन रखी थी। सरकार की योजनाओं पर उन्होंने तीखा प्रहार किया। मुकेश कुमार ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में नल-जल योजना” पूरी तरह से फेल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि लोगों को पीने का साफ पानी तक नसीब नहीं हो रहा।

25 Jul 2025, 12:27:58 PM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: राबड़ी देवी का दावा- तेजस्वी को 4 बार मारने की कोशिश हुई

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद से बाहर निकलकर मीडिया से बातचीत में पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने दावा किया कि उनके बेटे तेजस्वी यादव की जान को खतरा है। राबड़ी ने कहा कि तेजस्वी को चार बार मारने की कोशिश हुई थी। इनके पीछे कौन हैं, वह जानती हैं। उन्होंने जेडीयू और भाजपा नेताओं पर साजिश रचने का आरोप लगाया।

25 Jul 2025, 11:42:54 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद में भी विपक्ष पर बरसे नीतीश कुमार

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद में विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सब पूरा धाय-धाय हैं। विधानसभा से परिषद तक सब अनाप-शनाप कर रहे हैं। जब सुनना चाहिए तो सुनते नहीं है। कुछ सुन ही नहीं रहे हैं। इससे पहले विधानसभा में भी उन्होंने विपक्ष को जमकर सुनाया।

25 Jul 2025, 11:30:29 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा 5 मिनट, तो परिषद 10 मिनट ही चल पाई

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विपक्ष के हंगामे के चलते मॉनसून सत्र के आखिरी दिन पहली पाली में विधानसभा की कार्यवाही महज 5 मिनट चल पाई। इसी तरह विधान परिषद में भी भारी हंगामा हुआ और 10 मिनट बाद सदन की कार्यवाही रोकनी पड़ी। दोनों सदनों को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

25 Jul 2025, 11:26:43 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद में भी विपक्ष के विधायकों का हंगामा

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा की तरह बिहार विधान परिषद में भी सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे के बीच कुछ देर सदन की कार्यवाही चलती रही। राजद के एमएलसी हाथ में पोस्टर लेकर वोटर लिस्ट रिवीजन पर नारेबाजी करते आए। विपक्ष की लीडर राबड़ी देवी भी इस दौरान विधान परिषद में मौजूद रहीं।

25 Jul 2025, 11:13:00 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विपक्षी विधायकों के काला कपड़ा पहनने पर नीतीश बिफरे

Bihar Vidhan Sabha LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा में काला कपड़ा पहनकर पहुंचे विपक्षी विधायकों पर बिफर गए। सीएम ने कहा कि हमने बहुत काम किया है और इसका कितना फायदा हो रहा है। उन्होंने आश्चर्य जताया कि विपक्ष कभी काला कपड़ा पहन कर एक साथ नहीं आता था। यह लोग लगातार इस सत्र में काला कपड़ा पहनकर आए हैं। पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। पहले एक या दो दिन ही हंगामा होता था। उन्होंने कहा कि हमने कितना काम किया है। लोगों को लाभ हो रहा है।

25 Jul 2025, 11:10:03 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विपक्षी विधायकों के हंगामे के चलते विधानसभा स्पीकर नंद किशोर यादव ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी है।

25 Jul 2025, 11:08:31 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान सभा में विपक्ष का जोरदार हंगामा

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सदन में जोरदार हंगामा कर दिया। प्रश्नोत्तर काल शुरू होने के साथ ही विपक्षी विधायक वेल में उतर आए और नारेबाजी करने लगे। स्पीकर नंद किशोर यादव ने उन्हें अंतिम दिन का हवाला देते हुए सदन को चलने का आग्रह किया।

25 Jul 2025, 11:03:36 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: सीएम नीतीश कुमार विधानसभा पहुंचे

Bihar Vidhan Sabha LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा परिसर में पहुंच गए हैं। सदन की कार्यवाही शुरू होने जा रही है।

25 Jul 2025, 11:02:49 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विपक्ष के विधायकों का मेन गेट पर कब्जा

Bihar Vidhan Sabha LIVE: मतदाता पुनरीक्षण के मसले पर विपक्ष के विधायक ने आज भी विधानसभा पोर्टिको में प्रदर्शन किया। । अधिकतर विपक्षी सदस्य काला कपड़ा पहनकर आए हैं। विपक्षी विधायकों ने विधानसभा के मेन गेट को बाधित कर दिया। इस कारण दूसरा दरवाजा खोला गया है।

25 Jul 2025, 10:57:16 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: हेलमेट पहनकर विधानसभा पहुंचे जेडीयू और बीजेपी विधायक

Bihar Vidhan Sabha LIVE: मॉनसून सत्र के आखिरी दिन जदयू और भाजपा के विधायक हेलमेट पहकर विधानसभा पहुंचे हैं। सत्ताधारी गठबंधन एनडीए के विधायकों का आरोप है कि विपक्षी दल राजद के सदस्य सदन में जंगलराज कायम करना चाहते हैं। हमें जनता की सेवा करनी है। इसलिए अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर आए हैं।

25 Jul 2025, 10:50:17 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: थोड़ी देर में शुरू होगी सदन की कार्यवाही

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र के आखिरी दिन की कार्यवाही शुरू होने में अब कुछ मिनट शेष रह गए हैं। आसार जताए जा रहे हैं कि सदन शुरू होते ही विपक्ष वोटर लिस्ट रिवीजन पर हंगामा कर सकता है।

25 Jul 2025, 10:29:09 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: सरकार बोली- किसी भी सही मतदाता का नाम नहीं कटेगा

Bihar Vidhan Sabha LIVE: वोटर लिस्ट रिवीजन पर हो रहे हंगामे के बीच नीतीश सरकार ने गुरुवार को सदन में आश्वस्त किया कि किसी भी सही मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा। अगर ऐसा हुआ भी तो सरकार की ओर से चुनाव आयोग से बात की जाएगी।

पढ़ें- वोटर लिस्ट से किसी भी सही मतदाता का नाम नहीं कटेगा, नीतीश सरकार ने दिलाया भरोसा

25 Jul 2025, 10:19:41 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: पटना में बारिश के बीच सदन पहुंच रहे विधायक

Bihar Vidhan Sabha LIVE: पटना में बूंदाबांदी हो रही है। बारिश के बीच ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए विधानसभा परिसर पहुंच रहे हैं।

25 Jul 2025, 10:14:53 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा के विदाई सत्र का आज आखिरी दिन

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा के विदाई सत्र का आखिरी दिन है। साल के अंत में चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद नई सरकार का गठन होगा और फिर विधानसभा का सत्र बुलाया जाएगा। बिहार में अक्टूबर और नवंबर में विधानसभा चुनाव संभावित हैं।

25 Jul 2025, 10:10:50 AM IST

Bihar Vidhan Sabha LIVE: काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंच रहे राजद विधायक

Bihar Vidhan Sabha LIVE: मॉनसून सत्र के आखिरी दिन भी वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर बिहार विधानसभा में हंगामे के आसार हैं। राजद के विधायक विरोध स्वरूप काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंच रहे हैं। कल भी वे काले कपड़े पहनकर सदन आए थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।