18 नवंबर को खुद नीतीश देंगे तेजस्वी यादव को आशीर्वाद, ‘टाइगर जिंदा है’ पोस्टर पर बोली RJD
बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम आने से पहले जेडीयू के टाइगर जिंदा है पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए आरजेडी ने कहा कि 18 नवंबर को नीतीश कुमार खुद तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने से एक दिन पहले पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ 'टाइगर जिंदा है' के पोस्टर लगने से सियासी पारा गर्मा गया है। अब इस पर लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की प्रतिक्रिया सामने आई है। आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा कि 18 नवंबर को नीतीश खुद तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देने वाले हैं। बता दें कि तेजस्वी दावा कर रहे हैं कि 14 नवंबर को बिहार चुनाव के नतीजे आने के बाद 18 तारीख को महागठबंधन सरकार का शपथग्रहण होगा।
आरजेडी सांसद मनोज झा ने गुरुवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान यह बयान दिया। जेडीयू के 'टाइगर जिंदा है' पोस्टर पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कौन नहीं चाहेगा कि वो (नीतीश कुमार) जिंदा रहें? मतलब, इस तरह की बातें करते हैं? लेकिन मैं बता रहा हूं कि 18 तारीख को वो (नीतीश) स्वयं तेजस्वी को आशीर्वाद देने वाले हैं।"
आरजेडी के इस बयान के बाद बिहार के सियासी गलियारे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। फिलहाल, एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत मिलने के अनुमान से भाजपा और जदयू के नेताओं का जोश हाई है। दूसरी तरफ, तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के अन्य नेता एग्जिट पोल को नकारते हुए महागठबंधन की जीत का दावा कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें शुक्रवार को आने वाले बिहार चुनाव के रिजल्ट पर टिकी हुई हैं।
'टाइगर जिंदा है' के जवाब में 'अलविदा चाचा' पोस्टर
रिजल्ट से एक दिन पहले पटना में सियासी पोस्टरबाजी का दौर चरम पर है। जेडीयू दफ्तर के बाहर बुधवार को नीतीश कुमार के फोटो के साथ टाइगर जिंदा है लिखा हुआ पोस्टर लगाया गया। वहीं, इसके जवाब में आरजेडी कार्यालय के सामने भी समाजवादी पार्टी के एक समर्थक ने एनडीए की हार का दावा करते हुए 'अलविदा चाचा' का पोस्टर लगाया है।




साइन इन