nitish government make plan to build 12 new bridges on four rivers खुशखबरी! बिहार की 4 नदियों पर बनेंगे 12 नए पुल, इन जगहों पर होगा निर्माण, Bihar Hindi News - Hindustan
More

खुशखबरी! बिहार की 4 नदियों पर बनेंगे 12 नए पुल, इन जगहों पर होगा निर्माण

  • बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि बिहार हिमालय से निकलने वाली नदियों के जल प्रवहण क्षेत्र में है। दक्षिण बिहार में भी सोन सहित अन्य नदियां हैं। सुगम यातायात के लिए इन नदियों पर पुलों का निर्माण जरूरी है ताकि लोग कम समय में गंतव्य दूरी तय कर सकें।

Sun, 23 March 2025 05:44 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
खुशखबरी! बिहार की 4 नदियों पर बनेंगे 12 नए पुल, इन जगहों पर होगा निर्माण

बिहार की चार नदियों गंगा, सोन, गंडक और कोसी पर 12 और पुल बनाए जाएंगे। इन चारों नदियों पर अभी 24 पुल बने हुए हैं। 15 पुलों का निर्माण कार्य अभी चल रहा है। इन पुलों का निर्माण होते ही राज्य की चार नदियों पर बड़े पुलों की संख्या 51 हो जाएगी। दर्जन भर नए पुल बनाने के लिए पथ निर्माण विभाग ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल, सरकार ने पहले राज्य के किसी भी कोने से छह घंटे में पटना पहुंचने की योजना पर काम शुरू किया। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के बाद अब राज्य के किसी भी कोने से पांच घंटे में पटना पहुंचने की योजना पर काम चल रहा है जो तीन-चार महीने में पूरा हो जाएगा।

इसी कड़ी में अब सरकार ने 2027 तक राज्य के किसी भी कोने से चार घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य तय किया है, जबकि 2035 तक राज्य के किसी भी कोने से मात्र तीन घंटे में पटना पहुंचा जा सकेगा। इसके लिए विकसित भारत 2047 का रोडमैप तैयार किया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 5000 किमी सिंगल लेन सड़क को दो लेन या इससे अधिक चौड़ा किया जाएगा। लोगों को हर 20 किलोमीटर की दूरी पर चार लेन सड़क उपलब्ध कराया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:किसी को भनक तक नहीं लगी, साइलेंसर लगा गोलियों से भूना; पटना के अस्पताल में मर्डर

चूंकि बिहार के अधिकतर जिले में छोटी-बड़ी नदियां अवस्थित हैं। ऐसे में जब तक नदियों पर पुलों का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक चार घंटे में पटना पहुंचने के लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया जा सकता है। इसलिए पथ निर्माण विभाग ने इन चारों प्रमुख नदियों पर 12 और पुल बनाने का निर्णय लिया है। गंगा नदी पर अभी सात पुल बने हुए हैं। नौ का निर्माण कार्य चल रहा है। तीन और नए पुल बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है।

सोन नदी पर अभी पांच पुल बने हुए हैं। एक का निर्माण कार्य जारी है जबकि दो और पुल बनाए जाने हैं। गंडक नदी पर सात पुल बने हुए हैं। तीन बन रहा है जबकि चार पुल बनाए जाने की योजना है। जबकि कोसी नदी पर पांच पुल बने हुए हैं। दो का निर्माण कार्य जारी है और तीन नए पुल बनाए जाने हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सदाकत आश्रम पहुंचे कांग्रेस के नए बॉस राजेश कुमार, चुनाव के लिए बनाया प्लान

यहां होगा पुलों का निर्माण

गंगा नदी पर बक्सर में मौजूदा पुल के समानांतर तीन लेन का पुल बनेगा। रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे के मार्गरेखन पर मटिहानी-साम्हो के बीच छह लेन पुल तो कहलगांव में गंगा नदी पर चार लेन पुल बनेगा। सोन नदी में वाराणसी-रांची-कोलकाता एक्सप्रेस-वे और पटना-आरा-सासाराम के एलाइनमेंट में पुल का निर्माण होगा। गंडक नदी पर वीटीआर बाइपास पर चार लेन का नया पुल बनेगा।

पतजिरवा में एनएच 727ए के मार्गरेखन पर चार लेन, गोरखपुर-सिलीगुड़ी के मार्गरेखन पर छह लेन और रामजानकी मार्ग के मार्गरेखन में सत्तरघाट में चार लेन पुल का निर्माण होगा, जबकि कोसी नदी पर गोरखपुर-सिलीगुड़ी के मार्गरेखन पर छह लेन पुल, पटना-पूर्णिया के मार्गरेखन पर सिमरी-बख्तियारपुर के समीप छह लेन पुल और कुरसेला में अतिरिक्त चार लेन पुल का निर्माण होगा।

बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि बिहार हिमालय से निकलने वाली नदियों के जल प्रवहण क्षेत्र में है। दक्षिण बिहार में भी सोन सहित अन्य नदियां हैं। सुगम यातायात के लिए इन नदियों पर पुलों का निर्माण जरूरी है ताकि लोग कम समय में गंतव्य दूरी तय कर सकें।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रेमी को शादी के लिए घर बुलाया, कट्टे से मारा फिर पैर तोड़ सड़क पर फेंका
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।