Nishant Lalan Shivrani Bharati JDU MLC candidates for Bihar Legislative Council elections announced निशांत, ललन, शिवरानी, भारती बनेंगे एमएलसी; बिहार विधान परिषद चुनाव के जेडीयू उम्मीदवारों का ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

निशांत, ललन, शिवरानी, भारती बनेंगे एमएलसी; बिहार विधान परिषद चुनाव के जेडीयू उम्मीदवारों का ऐलान

बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू ने निशांत कुमार समेत 4 नेताओं को एमएलसी कैंडिडेट बनाया है। जेडीयू ने शुक्रवार को उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें दो महिलाओं का नाम शामिल है। 

Fri, 5 June 2026 06:54 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
निशांत, ललन, शिवरानी, भारती बनेंगे एमएलसी; बिहार विधान परिषद चुनाव के जेडीयू उम्मीदवारों का ऐलान

बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। जेडीयू कैंडिडेट लिस्ट में चार प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। नीतीश के बेटे एवं सम्राट सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का नाम शामिल है। इसके अलावा ललन प्रसाद, शिवरानी देवी प्रजापति और भारती मेहता को पार्टी ने टिकट दिया है। एमएलसी चुनाव के नामांकन का सोमवार को आखिरी दिन है, मतदान 18 जून को होगा।

नीतीश के बेटे निशांत कुमार का जेडीयू से एमएलसी उम्मीदवार बनना लगभग तय माना जा रहा था। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार में उन्होंने पिछले महीने ही मंत्री पद की शपथ ली थी। निशांत अभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। ऐसे में उनके एमएलसी उम्मीवार बनने की चर्चा एक महीने से चल रही थी।

नीतीश की सीट से एमएलसी बनेंगे ललन प्रसाद

जेडीयू ने पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई एमएलसी सीट पर उपचुनाव के लिए ललन प्रसाद को टिकट दिया है। उनकी जीत तय है। ललन प्रसाद शेखपुरा जिले के रहने वाले हैं। वह अति पिछड़ा वर्ग की धानुक जाति से आते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार वह अभी जिला परिषद के सदस्य हैं। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद बनने के बाद विधान परिषद की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। अब उनकी खाली हुई सीट से ललन प्रसाद विधान परिषद जाएंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बीजेपी से पवन सिंह MLC बनेंगे, संजय रिपीट, अनिल और शीला भी लिस्ट में

दो महिलाओं को टिकट

जेडीयू ने द्विवार्षिक एमएलसी चुनाव में दो महिलाओं को भी टिकट दिया है। इनमें भारती मेहता और शिवरानी देवी प्रजापति का नाम शामिल है। भारती जेडीयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह प्रवक्ता के रूप में मुखर रूप से पार्टी का पक्ष रखती हैं। इससे पहले संस्कृत बोर्ड की चेयरमैन भी रह चुकी हैं। वहीं, शिवरानी देवी जेडीयू की प्रदेश सचिव हैं। वह बेतिया की जिला परिषद अध्यक्ष रह चुकी हैं।

बीजेपी ने पवन सिंह को दिया टिकट

वहीं, भाजपा ने भी एमएलसी चुनाव के लिए अपने 4 उम्मीदवारों का ऐलान शुक्रवार को कर दिया। पार्टी ने मशहूर भोजपुरी स्टार पवन सिंह को एमएलसी कैंडिडेट बनाया है। इनके अलावा, संजय मयूख, अनिल ठाकुर और शीला प्रजापति को उम्मीदवार बनाया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MLC चुनाव: NDA के 3 नाम तय; चिराग-कुशवाहा को 1-1 सीट देगी BJP-JDU, मांझी को जीरो

9 सीटों पर चुनाव और एक पर होना है उपचुनाव

बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होना है, जबकि नीतीश कुमार के इस्तीफे से रिक्त एक सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है। कुल 10 में से 9 सीटों पर एनडीए की जीत तय मानी जा रही है। ये सभी सीटें विधानसभा कोटे की हैं। सदन में एनडीए का संख्याबल भारी है। एनडीए के पास 200 से ज्यादा विधायक हैं। विपक्ष के खाते में महज एक सीट जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।